संभल: हाईटेंशन बिजली पोल से टकराई ट्रैक्टर ट्राली, मजदूर की मौत
बैलगाड़ी को बचाने के प्रयास में हादसा, पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार
संभल, अमृत विचार। हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में बैलगाड़ी को बचाने के प्रयास में ट्रैक्टर ट्राली खेत में खड़े हाईटेंशन बिजली के पोल में टकरा गई। टक्कर से तारों में फाल्ट हुआ तो जमीन पर करंट फैल गया। नंगे पैर होने की वजह से करंट की चपेट में आकर ट्राली पर बैठे एक मजदूर की मौत हो गई। वहीं ट्रैक्टर चालक व तीन मजदूर बाल बाल बच गए। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
संभल कोतवाली क्षेत्र के मुहल्ला चौधरी सराय निवासी किसान शाहिद का बेटा जीशान ट्रैक्टर ट्राली से थाना क्षेत्र के गांव फुलसिंघा निवासी राजकुमार( 22 ) व दो अन्य मजदूरों को साथ लेकर हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र में फिरोजपुर पुल के निकट खेत से मक्का लेने जा रहा था। खेत के निकट सामने से बैलगाड़ी आई तो जीशान ने ट्रैक्टर ट्राली से बचने के लिए ट्रैक्टर खाली खेत में मोड़ दिया। इसी दौरान अचानक से ट्रैक्टर वहां खड़े हाईटेंशन बिजली के पोल से टकरा गया। हाईटेंशन बिजली के तारों में फाल्ट हुआ तो खेत गीला होने की वजह से जमीन पर करंट फैल गया।
चालक सहित सभी मजदूर जान बचाने के लिए ट्रैक्टर से नीचे कूद गए। इस बीच नंगे पांव होने की वजह से मजदूर राजकुमार करंट की चपेट में आ गया। आनन फानन में बिजली घर को फोनकर बिजली आपूर्ति बंद कराई गई। इसके बाद ट्रैक्टर से मजदूर राजकुमार को लेकर जिला अस्पताल पहुंचे। हालत गंभीर होने पर डॉक्टर ने मजदूर को रेफर कर दिया। परिजन राजकुमार को लेकर मुरादाबाद जा रहे थे लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। परिजनों ने बिना पुलिस को सूचना दिए शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
सप्ताह भर पहले ही हुआ बेटे का जन्म अब हो गई पिता की मौत
संभल। करंट की चपेट में आकर मरे हजरतनगर गढ़ी थाना क्षेत्र के गांव फुलसिंहा निवासी राजकुमार के बड़े भाई राजवीर ने बताया कि राजकुमार की शादी एक वर्ष पहले बिलारी क्षेत्र के गांव वीरमपुर निवासी दीप्ति के साथ हुई थी। आठ दिन पहले ही दीप्ति ने बेटे को जन्म दिया था। बेटे के जन्म के बाद पिता राजकुमार बेहद खुश था। घर में भी खुशी का माहौल था। राजकुमार की मौत से खुशियां मातम में बदल गई।
ये भी पढ़ें:- संभल: मकान के ताले तोड़ कर डेढ़ लाख की चोरी, हिमाचल प्रदेश के वर्दी में मजदूरी कर रहा था परिवार
