मणिपुर की घटना दुखद, सरकार कर रही कार्रवाई : मेनका

Amrit Vichar Network
Published By Pradumn Upadhyay
On

अमृत विचार, सुलतानपुर । पूर्व केंद्रीय मंत्री व सांसद मेनका संजय गांधी ने मणिपुर में महिला को निर्वस्त्र घुमाने की हुई घटना को बेहद दुखद करार दिया है। उन्होंने कहा कि सरकार ऐसा काम कर रही है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। सांसद ने कहा कि ग्लोबल वार्मिंग व जलवायु परिवर्तन पर नियंत्रण पाना है तो हमें अधिक से अधिक पौधे लगाने होंगे।

सांसद ने दौरे के दूसरे दिन तिकोनिया पार्क में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान पत्रकारों से यह बात कही। वह यहां विधायक विनोद सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल व पीडब्लूडी अधिशाषी अभियंता के साथ 30 करोड़ 54 लाख से निर्मित नगर के मुख्य मार्ग के चौड़ीकरण एवं सुंदरीकरण योजना के शिलापट का लोकार्पण कर जनता को समर्पित किया।

उन्होंने कहा कि मैं, विधायक विनोद सिंह व एमएलसी शैलेंद्र प्रताप सिंह वेंडिंग जोन में छत लगाने के लिए धनराशि खर्च कर इसे तैयार करेंगे। जिन पटरी दुकानदार व ठेलेवालों को वेंडिंग जोन में दुकान लगाने की इच्छा हो वह नगर पालिका में जाकर संपर्क कर आवेदन दे सकते हैं। इस अवसर पर सांसद मेनका संजय गांधी ने कहा शहर में सुंदरता आई है। डिवाइडर पर पेड़ लहराते दिख रहे हैं। शहर को और सुंदर, हरा भरा व खुशनुमा बनाना हमारी प्राथमिकता है।

9869

शहर में विकसित होंगे 27 पार्क

सांसद ने कहा कि शहर में 27 और हरे-भरे पार्क विकसित होंगे। नगर में डिवाइडर के अलावा 1000 पेड़ और लगाएं जाएंगे। लोकल एनवायरनमेंट तैयार कर हम इस पर काफी हद तक रोकथाम कर सकते हैं। पूरी दुनिया में गर्मी रहे लेकिन सुलतानपुर में मौसम ठंडा रहेगा।

जलवायु नियंत्रण को हर व्यक्ति करे पौधारोपण

सांसद मेनका गांधी ने आह्वान किया कि जलवायु नियंत्रित करने के लिए हर व्यक्ति को पौधरोपण करना होगा, तभी बीमार धरती स्वस्थ होगी। सांसद मेनका ने बताया कि दिल्ली में जब 40 डिग्री सेल्सियस का तापमान रहता है तो हमारे घर में अधिक पेड़ होने के कारण यह 30 डिग्री सेल्सियस से अधिक नहीं जाता है। उन्होंने कहा शहर में फोर लेन सड़क बनने से लगभग जाम की समस्या खत्म हो गई है। उन्होंने बताया 1000 ट्रांसफार्मर आए है। जिससे ओवरलोडिंग की समस्या समाप्त होगी।

सांसद के साथ मिलकर कर रहे काम : विधायक

विधायक विनोद सिंह ने कहा सांसद सहित हम सब लोग मिलकर सुलतानपुर शहर को सुंदर शहर बनाने की दिशा में काम कर रहे हैं। नगरपालिका अध्यक्ष प्रवीन कुमार अग्रवाल ने कहा कि सांसद मेनका गांधी का प्रयास रंग लाया है।

सांसद ने दोस्तपुर में लगाया चौपाल

सांसद मेनका गांधी दोस्तपुर विकासखंड मुख्यालय पहुंची और वहां पर क्षेत्रीय विधायक राजेश गौतम व ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि के साथ ग्राम विकास विभाग द्वारा आयोजित वृहद जन चौपाल के माध्यम से सैकड़ों लोंगो की समस्या का मौजूद अधिकारियों व कर्मचारियों के माध्यम से निस्तारण कराया। इस दौरान श्रीमती गांधी ने डिजिटल इंडिया अंतर्गत 50 ग्राम सचिवों को लैपटॉप भी वितरित किया।

सांसद ने कैथावा में शहीद स्व परमेश्वर वर्मा स्मृति खेल मैदान का लोकार्पण व पौधारोपण किया। इसके बाद खोजापुर में भाजपा नेता विवेक सिंह के घर जाकर दादी के निधन पर शोक संवेदना प्रकट की। ग्राम सभा अहिबरनपुर में श्री महावीर अमृत सरोवर का लोकार्पण किया। बिरसिंहपुर स्थित सौ शैय्यायुक्त चिकित्सालय में आयुष वन पौधारोपण किया।

विभिन्न कार्यक्रमों में मीडिया प्रभारी विजय सिंह रघुवंशी, पूर्व जिलाध्यक्ष डॉ सीताशरण त्रिपाठी, विजय त्रिपाठी, प्रमुख चंद्र प्रताप सिंह, बंटी सिंह, चंदन नारायण सिंह, रेखा निषाद, रमेश सिंह टिन्नू, आकाश जायसवाल आदि रहे।

ये भी पढ़ें - कलेक्ट्रेट व तहसील में बिना आईडी कार्ड कर्मियों को नहीं मिलेगा प्रवेश : जिलाधिकारी

संबंधित समाचार