Kanpur: अपने बच्चों को गुस्से में डांटने की बजाए प्यार से समझाए, नहीं तो उठा लेगा ऐसा कदम, जीवनभर का होगा पछतावा
कानपुर में छात्र ने खुदकुशी की।
कानपुर के नर्वल थानाक्षेत्र में साइकिल चलाने से मना करने पर छात्र ने खुदकुशी कर ली। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।
कानपुर, अमृत विचार। नरवल थानाक्षेत्र में साइकिल चलाने से मना करने पर छात्र ने बाथरूम के चौखट से टाई के सहारे फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। घटना के दौरान परिजन खेत में मौजूद थे। वापस आने पर लटकते शव को देखकर परिजनों के होश उड़ गए। इस दौरान सूचना पर पहुंची पुलिस ने जांच पड़ताल कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया।
नरवल के रायपुर गांव निवासी राजमिस्त्री का काम करने वाले सुशील कुमार का 10 वर्षीय पुत्र विवेक उर्फ गुनी का शव बाथरूम की चौखट में टाई के सहारे फांसी के फंदे से लटकता मिला। रोते बिल्रखते पिता ने बताया वह गांव के पास स्थित निधि स्कूल में कक्षा चार का छात्र था। वह पढ़ने में बहुत होशियार और मां का दुलारा था। उन्होंने बताया कि गुरुवार को वह रोज की तरह सुबह आठ बजे स्कूल चला गया था।
इसके बाद दो बजे छुट्टी होने पर लौटा था। बताया कि इस दौरान मां संगीता ने उससे कुछ देर बाद आराम कर खाना खाने के बाद बकरी चराने की बात कही थी। लेकिन वह साइकिल चलाने के लिए जिद्द करने लगा। जिस पर उसके बड़े भाई साहिल उर्फ हिमांशु ने उसे डांट कर मना कर दिया। इसके बाद मां संगीता, पिता सुशील, बड़ा भाई साहिल और बहन अंशिका धान लगाने के लिए खेत चले गए।
इसी दौरान विवेक उर्फ गुनी ने बाथरूम की चौखट में स्कूल की टाई से फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। शाम करीब सात बजे परिजन खेत से घर वापस लौटे जहां बेटे का शव फांसी के फंदे पर लटकता देख उनके होश उड़ गए। बेटे के मौत से परिवार में कोहराम मच गया। घटना के बाद मां बदहवास हो गई। परिजनों के अनुसार चार जुलाई को उसका जन्मदिन था, नौ का पूरा होकर दसवीं में लगा था।
परिजनों ने घटना की सूचना थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही मौके पर आईपीएस स्वतंत्र प्रभार मनोज कुमार ने फोरेंसिक टीम के साथ घटना की जांच पड़ताल की। नरवल थाना के अतिरिक्त प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा ने बताया कि घटनास्थल पर मिले साक्ष्यों के आधार पर घटना की जांच पड़ताल की जा रही है।
