बरेली: कटते रहे चालान, नहीं ली सुध... 300 वाहन चालकों के निरस्त होंगे लाइसेंस

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

15 ई-चालान होने के बाद भी जमा नहीं की चालान राशि

दिग्विजय मिश्रा, बरेली। ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन कर चालान राशि जमा न करने वालों के खिलाफ कार्रवाई तेज हो गई है। एसपी ट्रैफिक राममोहन सिंह ने आरटीओ को 15 से अधिक ई-चालन होने के बाद भी चालान राशि जमा न करने वाले 300 वाहन चालकों और मालिकों का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निरस्त करने के लिए रिकार्ड भेजा है। इनके वाहनों की 5819 ई-चालान राशि बकाया है, जो काफी समय बीतने के बाद भी जमा नहीं की जा रही है। इसलिए यह कदम उठाया गया है।

जो रिकार्ड भेजा गया है, उनमें कई ऐसे वाहन चालक भी शामिल हैं, जिनका 45 से 50 बार चालान हुआ है। बावजूद किसी ने एक भी चालान राशि जमा नहीं की। इसमें जिले में हुए रजिस्ट्रेशन वाले वाहन चालकों को ही शामिल किया गया है।

आरटीओ नोटिस भेज कराएंगे अवगत
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार भेजे गए रिकार्ड के अनुसार आरटीओ वाहन चालकों को नोटिस भेज कर अवगत कराएंगे। नोटिस में चालान राशि जल्द जमा करने को कहा जाएगा। अगर उसके बाद भी वाहन चालकों ने चालान राशि जमा नहीं की तो कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसपी ट्रैफिक का कहना है कि आरटीओ को भेजे गए रिकार्ड में साफ कहा गया है कि इन चालकों का लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निरस्त किया जाए।

दूसरे चरण में 10 से 15 लंबित चालान वाले वाहनों का भेजा जाएगा रिकार्ड
यातायात पुलिस दूसरे चरण में 10 से 15 ई-चालान न जमा करने वाले और तीसरे चरण में 1 से 10 ई-चालान लंबित पड़े वाहन चालकों का रिकार्ड आरटीओ को भेजेगी। इन वाहन चालकों का भी लाइसेंस और रजिस्ट्रेशन निरस्त करने को कहा जाएगा।

आरटीओ कार्रवाई कर एसपी ट्रैफिक को देंगे ब्योरा
जिन 300 वाहन चालकों का रिकार्ड आरटीओ को भेजा गया है। उन पर जल्द आरटीओ कार्रवाई कर एसपी ट्रैफिक को ब्योरा भेजेंगे। जिसके बाद अन्य वाहन चालकों का रिकार्ड तैयार कर एसपी ट्रैफिक दोबारा आरटीओ को भेजेंगे। एसपी ट्रैफिक ने बताया कि लगातार जागरूक करने के बाद भी लोग यातायात नियमों को तोड़ रहे हैं। ऐसे में सख्त कार्रवाई जरूरी है।

चालान राशि जमा हुई तो प्राप्त होगा 90 लाख शमन शुल्क
आरटीओ की ओर से भेजे गए नोटिस पर सभी वाहन चालक चालान राशि जमा करते हैं तो विभाग को 90 लाख रुपये के करीब शमन शुल्क प्राप्त होगा।

इन चालकों के 15 से अधिक ई-चालान काफी समय से लंबित हैं। दूसरे चरण में 10 से 15 लंबित चालान वाले वाहन चालकों का रिकार्ड आरटीओ को भेजा जाएगा---राममोहन सिंह, एसपी ट्रैफिक।

यह भी पढ़ें- बरेली: प्रयोगशाला में छात्रों को प्रैक्टिकल नहीं कराना शिक्षकों को पड़ेगा महंगा, DIOS दिए निर्देश

संबंधित समाचार