अयोध्या : नौनिहालों के लिए संकट बनी भीषण गर्मी, एक छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत 

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

लगातार छह घंटे के स्कूल संचालन के चलते परेशान हैं बच्चे

अयोध्या, अमृत विचार। लगातार पड़ रही भीषण गर्मी परिषदीय विद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए संकट बन गई है। बीते दो दिनों से बच्चों के बीमार और स्कूलों में बेहोश होने की सूचनाएं आ रहीं हैं। वहीं मसौधा ब्लॉक के जूनियर हाईस्कूल की आठवीं की छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत का मामला भी सामने आया है। शिक्षकों द्वारा स्कूल संचालन अवधि को कम किए जाने को लेकर मांग शुरू हो गई है। 
     
बता दें कि परिषदीय विद्यालयों का संचालन छह घंटे का है जबकि माध्यमिक विद्यालयों का केवल पांच घंटे का। वहीं महाविद्यालयों में केवल ढाई घंटे पढ़ाई होती है। ऐसे में प्राथमिक शिक्षक संघ ने बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री से मांग करते हुए परिषदीय विद्यालयों का संचालन पांच घंटे का किए जाने के लिए पत्र भेजा है।
      
शनिवार को प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष नीलमणि त्रिपाठी और मंत्री डॉ. चक्रवर्ती सिंह ने दावा किया कि लगातार संघ के पास बच्चों के गर्मी के कारण बेहोश होने और बीमार पड़ने की सूचना आ रही है, जिसे लेकर संघ गंभीर है। उन्होंने बताया कि बेसिक शिक्षा राज्य मंत्री को पत्र भेजा गया है। बताया गया कि उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद द्वारा संचालित सभी इंटरमीडिएट कालेज में ग्रीष्मकालीन अवधि में विद्यालय संचालन की अवधि प्रतिदिन 5 घंटे है। उच्च शिक्षा विभाग द्वारा संचालित सभी महाविद्यालय में एक सप्ताह छ: कार्यदिवस में 24 पीरियड (एक पीरियड 40 मिनट अर्थात केवल प्रतिदिन 2 घंटे 40 मिनट निर्धारित है। जबकि बेसिक शिक्षा परिषदीय विद्यालय जिसमें 6 से 14 वर्ष की आयु के बालक बालिका अध्ययनरत हैं। भीषण गर्मी में विद्यालय संचालन की अवधि प्रतिदिन 6 घंटे निर्धारित की गयी है। 

सीबीएसई, आईसीएसई या किसी अन्य बोर्ड के द्वारा भी कक्षा 1 से कक्षा 8 तक के विद्यालय के संचालन का समय प्रतिदिन 5 घंटे से अधिक निर्धारित नही किया गया है। पत्र में मांग की गई है कि परिषदीय विद्यालय, जिसमें अभी भी पर्याप्त बिजली आपूर्ति की सुविधा नहीं है। ऐसी स्थिति में भीषण गर्मी के कारण अनेक स्थानों से छात्र/छात्राओं के व्याकुल और बेहोश होने की सूचनाएं मिल रही हैं। इसलिए परिषदीय विद्यालयों का ग्रीष्मकाल में संचालन का समय उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षा परिषद की भांति 1 अप्रैल से 30 सितंबर तक प्रात: 7.30 बजे से 12.30 बजे तक करने का आदेश दिया जाए। संघ पदाधिकारियों ने बताया कि शीघ्र ही जिलाधिकारी से मिल कर स्थानीय स्तर पर समय घटाने की मांग की जाएगी।

शुक्रवार शाम हुई थी स्कूल से लौटी छात्रा की मौत 
विकासखंड मसौधा क्षेत्र अंतर्गत जूनियर हाई स्कूल गौहनिया की छात्रा अरमिता पुत्री लव कुश कोरी की शुक्रवार देर शाम मौत हो गई। बताया जाता है कि वह स्कूल से लौटने के बाद खाना खा आराम कर रही थी। देर शाम उठने के बाद नहाते समय गिरकर उसकी मौत हो गई, जिसे लेकर शनिवार को स्कूल में खासी चर्चा रही। पिता के मुताबिक वह बीमार भी नहीं थी। अचानक नहाते वक्त गिर पड़ी जब तक अस्पताल ले जाया जाता उसकी मौत हो गई। पूरे परिवार का रो - रो कर बुरा हाल है।

ये भी पढ़ें -बहराइच : पोस्टमार्टम रिपोर्ट में फेरबदल को लेकर प्रदर्शन, नहीं किया अंतिम संस्कार

संबंधित समाचार