अमृत विचार प्रभाव : अवैध बसाने वालों पर दर्ज होंगे मुकदमें, महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों को दिए निर्देश
कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों को दिए निर्देश।
कानपुर में महापौर प्रमिला पांडेय ने अधिकारियों को दिए निर्देश। उन्होंने कहा कि सोसायटी क्षेत्र का सर्वे होगा। वहीं, अवैध बसाने वालों पर मुकदमें दर्ज होंगे।
कानपुर, अमृत विचार। शहर में सोसायटी क्षेत्र का सर्वे किया जाए। अवैध बनी और बसी सोसायटी के अध्यक्ष व सचिव पर मुकदमा दर्ज कराया जाए। बाहरी इलाकों में मनमाने तरीके से बसाए जा रहे सोसायटी क्षेत्र की समस्या पर ‘अमृत विचार’ की ओर से चलाए गए अभियान को गंभीरता से लेते हुए महापौर प्रमिला पांडेय ने शनिवार को नगर निगम में स्वास्थ्य, इंजीनियरिंग और जलकल विभाग की बैठक में यह निर्देश जारी किए। महापौर ने अवैध तरीके से सोसायटी क्षेत्र बसाए जाने को लेकर अधिकारियों की लापरवाही पर नाराजगी भी जताई।
बरसात के बाद सोसायटी क्षेत्रों की हालत बद से बदतर हो गई है। सड़कें तालाब हो गई हैं, लोग घरों में कैद हैं। मकड़ीखेड़ा में ऐसी ही हालत में महापौर को कार छोड़कर ट्रैक्टर की सवारी करनी पड़ी थी। इस घटना के बाद से महापौर के तेवर तल्ख हैं। यही वजह रही कि शनिवार को जब अधिकारियों के साथ उन्होंने बैठक की, तो साफ कहा कि सोसायटी वाले लोगों को जमीन बेचकर निकल जाते हैं, उसके बाद इलाके की दुर्दशा को लेकर भुगतना नगर निगम को पड़ता है।
प्रबंधन से वसूला जाए जुर्माना
महापौर प्रमिला पांडेय ने कहा कि मकड़ीखेड़ा में अब तक 30 ट्रॉली मलबा डाला जा चुका है, लेकिन जिस तरह से वहां पर जलभराव है, उसे देखते हुए यह काफी नहीं है। यहां लोगों के सबमर्सिबल पंप में दूषित पानी आ रहा है। नगर निगम और जलकल विभाग वहां पर जो मलबा डालकर भराई करा रहा है, उसका जुर्माना सोसाइटी प्रबंधन से वसूला जाएगा। महापौर ने कहा कि अगले साल जून तक सोसाइटी क्षेत्रों में जहां जलभराव होता है, उसे दूर कराया जाएगा। नाला और नाली का काम कराया जाएगा।
बच्चे घरों में कैद, बदबू से परेशान
सोसायटी क्षेत्रों में भरे पानी की वजह से स्कूली बच्चे घरों में कैद हो गए हैं। जनता बदबू से परेशान है। घरों से लोग दो पहिया वाहन से निकल ही नहीं सकते हैं। महापौर प्रमिला पांडेय ने सोसायटी क्षेत्र की हालत बयां करते हुए कहा कि एक महिला का दर्द मैं ही समझ सकती हूं।
