UP News : भाजपा संगठन की बैठक समाप्त, डिप्टी CM बोले - प्रदेश की सभी सीटों पर जीतेगी पार्टी
लखनऊ, अमृत विचार। भारतीय जनता पार्टी महामंत्री संगठन बीएल संतोष की मौजूदगी में भाजपा पदाधिकारियों और प्रशिक्षण टोली की बैठक रविवार को समाप्त हो गयी। बैठक में भाजपा प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र चौधरी और प्रदेश के डिप्टी सीएम केशव मौर्य भी मौजूद रहे। बैठक में पार्टी की लोकसभा चुनावों में रणनीति को लेकर चर्चा हुई। साथ ही आगामी अगस्त माह से शुरू होने वाले पार्टी के प्रशिक्षण कार्यक्रम की तैयारियों को भी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों से साझा किया गया। बैठक के समापन पर मीडिया से बातचीत में केशव मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव में विपक्षी केवल जीत का सपना देख रहे हैं, असल में पीएम मोदी के आगे इस पद के लिए कोई वैकेंसी है ही नहीं। उन्होंने कहा कि विपक्ष अब 2024 नहीं बल्कि 2029 चुनावों की तैयारी करे तो बेहतर होगा।
उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को ‘तीसरी बार-मोदी सरकार’ का नारा दोहराते हुए कहा कि देश की जनता 2024 में होने वाले लोकसभा चुनाव में भ्रष्ट, परिवारवादी नेताओं के राजनीतिक भविष्य का फैसला पिछले दो लोकसभा चुनावों की तरह ही करेगी।
ये भी पढ़ें -न्यूनतम आय गारंटी योजना की घोषणा पर मायावती का बयान, कहा- चुनाव से पहले ये राजनीतिक स्वार्थ का फैसला
