Flood In Unnao: गंगा चेतावनी बिंदु के पार, कटरी वासियों की बढ़ी मुसीबत, बाढ़ केंद्र से कर्मचारी नदारद
उन्नाव में गंगा चेतावनी बिंदु के पार।
उन्नाव में गंगा चेतावनी बिंदु के पार होने से कटरी वासियों की मुसीबतें बढ़ गई। लगातार तेजी से जलस्तर बढ़ रहा है। जबकि बाढ़ केंद्र से कर्मचारी नदारद है।
उन्नाव, अमृत विचार। पहाड़ों व मैदानी क्षेत्र में हो रही बारिश के चलते गंगा का जलस्तर लगातार बढ़ रहा है। जिसके चलते उन्नाव के शुक्लागंज स्थित तटवर्ती क्षेत्रों में बाढ़ का पानी घरों में घुस गया है। प्रशासन ने खाना पूरी करते हुए सिर्फ मिश्रा कालोनी स्थित नवीन बाढ़ केंद्र का ताला खुलवाया है लेकिन वहां कमरों में अभी भी ताले लटक रहे हैं।
चेतावनी बिंदु के ऊपर गंगा का पानी बह रहा है इसके बाद भी प्रशासन अभी तक गंभीर नहीं हो सका है। जिससे क्षेत्रीय निवासियों को भारी मुसीबतें उठानी पड़ रही हैं। इतना ही नहीं सैकड़ों ऐसे मकान हैं जिनमें कमर तक पानी भरा हुआ है। प्रशासन ने आवागमन के लिए नावें तक नहीं लगवाई हैं। जिससे क्षेत्रीय लोगों में रोष है।
बता दें कि बीते एक माह से पहाड़ी और मैदानी क्षेत्रों में मूसलाधार बारिश होने के कारण पश्चिम के बांधों से प्रतिदिन कई हजार क्यूसेक पानी छोड़ा जा रहा है। जिससे उन्नाव के शुक्लागंज की ओर चेतावनी बिंदु 112 मीटर पारकर गंगा का जलस्तर रविवार सुबह 8 बजे 112.150 मीटर दर्ज किया गया। जिसके बाद दोपहर 12 बजे जलस्तर में बढ़ोतरी दर्ज हुई और जल स्तर 112.170 मीटर पहुंच गया।
लगातार बढ़ रहे गंगा के जलस्तर के कारण कर्बला, हुसैन नगर, शाही नगर, सैयद कंपाउंड, चंपा पुरवा, तेजी पुरवा, मनसुख खेड़ा, गगनी खेड़ा मोहल्लो के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों में तेजी से बाढ़ का पानी बढ़ रहा है। जिस कारण यहां के रहने वाले सैकड़ों परिवार ने अपनी गृहस्थी का सामान बटोर कर छतों पर रहने को मजबूर हैं। रविवार दोपहर अमृत विचार की टीम तटवर्ती इलाकों में रह रहे लोगों का हाल जानने पहुंची। जिस पर सभी में प्रशासन के खिलाफ रोष देखा गया। क्षेत्रीय लोगों ने बताया कि प्रशासन ने बाढ़ से बचाव के लिए कुछ नहीं किया है।
जिससे क्षेत्रीय लोग प्राइवेट नाव लगवा कर आवागमन कर रहे हैं। वहीं दोपहर लगभग 1 बजे मिश्रा कॉलोनी स्थित नवीन बाढ़ केंद्र की रियलिटी चेक की गई तो वहां पर मुख्य दरवाजे का गेट खुला था। बाकी अंदर कमरों में ताला लगा था। इसके साथ ही प्रशासन का कोई भी नुमाइंदा मौके पर मौजूद नहीं था।
