Kanpur Dehat News : युवक की हत्या कर नाले में फेंका शव, सिर में मिले चोट के निशान, घर से बाजार के लिए निकला था
कानपुर देहात में बाजार गए युवक की हत्या कर नाले में शव फेंका।
कानपुर देहात में बाजार गए युवक की हत्या कर नाले में शव फेंक दिया। मृतक के सिर में चोट के निशान मिले। पुलिस मामले की जांच पड़ताल में जुटी।
कानपुर देहात, अमृत विचार। किशवा दुरौली गांव के नाले में युवक का शव पानी में उतराता मिला। जिसके सिर में धारदार हथियार से चोट के निशान मिले हैं। एएसपी ने घटना स्थल का मुआयना कर सीओ को जल्द खुलासा करने के निर्देश दिए हैं। मामले में अज्ञात के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है।
मूसानगर थाना क्षेत्र के चतुरीपुरा गांव निवासी नारेंद्र ने बताया कि उनका बड़ा भाई देव सिंह (38) शनिवार को मूसानगर बाजार जाने की बात कहकर घर से निकला था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। जिस पर परिजनों को चिंता हुई और तलाश शुरू की, लेकिन कोई पता नहीं चल सका था।
रविवार सुबह किशवा दुरौली गांव के नाले में शव पड़े होने की सूचना मिली। मौके पर जाकर देखा तो शव बड़े भाई देव सिंह का था, जो नाले में उतरा रहा था। सिर में धारदार हथियार से वार के कई निशान मिले हैं और खून से लथपथ था। मृतक के भाई ने देव सिंह की हत्या कर शव फेंके जाने का आरोप लगाया है।
जानकारी पर मृतक की पत्नी रामदुलारी, पुत्र गोलू, पुत्री गोपी, मां भूरी देवी समेत अन्य परिजन का रो-रो कर बुरा हाल रहा। सूचना पर एएसपी राजेश पांडेय ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। उन्होंने बताया कि बताया कि मृतक के छोटे भाई की तहरीर पर अज्ञात के विरुद्ध हत्या की रिपोर्ट दर्ज की गई है। सीओ भोगनीपुर रविकांत गौड को टीम बनाकर खुलासे के लिए निर्देशित किया गया है। वहीं मौके पर फॉरेंसिक टीम को बुलाकर साक्ष्य संकलित कराए गए हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
