VIDEO : ससुरालियों ने दामाद को जिला अस्पताल में जमकर पीटा, बेटी को प्रताड़ित करने का आरोप, जानें पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद।  रविवार दोपहर को सीओ सिविल लाइंस कार्यालय के पास जिला अस्पताल के गेट पर उस समय हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई। जब कुछ महिलाएं एक युवक को लात-घूंसों और थप्पड़ों से पीट रही थीं। महिलाओं ने मारते-मारते उसके कपड़े भी फाड़ दिए। पता चला कि युवक उनका दामाद फहीम है। जो उनकी बेटी काे प्रताड़ित करता है। रविवार को वह बेटी को पुलिस के सामने बयान दिलाने बाइक से ला रहा था। विवाद होने पर उसे धक्का दे दिया, जिससे बेटी घायल हो गई।

थाने पहुंची हरथला की रहने वाली महिलाओं ने बताया कि उनकी बेटी सानिया ने फहीम से लव मैरिज की थी। इसके बाद उन्होंने निकाह 8 अक्टूबर 2022 को फहीम से किया था। फहीम मैनाठेर थाने के बरैटा गांव का रहने वाला है। घायल सानिया ने बताया कि निकाह के कुछ दिन बाद ही फहीम ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी थी। बताया कि बाद में वह ससुराल छोड़कर मायके आ गई। ढाई महीने से वह माता-पिता के साथ रह रही थी। सानिया के अनुसार, 15 जुलाई को फहीम उससे मिलने आया था। उसने सानिया से घूमने की बात कही और बाइक से लेकर चला। थोड़ी दूर जाने पर ही ससुर अफसर कार लेकर खड़े दिखे।

फहीम और उसके पिता ने जबरदस्ती उसे कार में बैठा लिया और अपने साथ गांव ले गए। इसकी सूचना मायके वालों को भी नहीं मिली। बताया, जब वह देर तक भी घर नहीं लौटी तो उसके घर वालों ने फहीम से उसके बारे में पूछा। फहीम ने कहा कि वह उसके साथ नहीं है। इसके बाद मायके वालों ने उसके लापता होने की सूचना सिविल लाइंस थाने में दी थी। उधर, फहीम उसे अपने फुफुरे भाई जफरुल के घर शाहपुर ले गया। वहां पर उसे बंधक बनाकर रखा था।

अस्पताल में मौका पाकर परिजनों को फोन किया
सिविल लाइंस थाने में गुमशुदगी का केस दर्ज होने के बाद पुलिस सानिया की छानबीन कर रही थी। उसने ससुराल वालों को भी बयान देने के लिए बुलाया था। रविवार को फहीम उसे बाइक से मुरादाबाद ला रहा था। रास्ते में फहीम सानिया से झगड़ने लगा और बाइक से धक्का दे दिया। जिससे वह चोटिल हो गई। फहीम उसे लेकर जिला अस्पताल पहुंचा था। अस्पताल में मौका देखकर सानिया ने एक स्टॉफ नर्स का फोन लेकर मायके वालों को सूचना दी। जिस पर वे अस्पताल आ गए और सानिया को इलाज के बाद अपने साथ ले गए। 

सानिया के मायके पक्ष की तहरीर पर आरोपी फहीम के विरुद्ध एनसीआर दर्ज की गई है। घायल लड़की का मेडिकल दोबारा कराएंगे। उसी के आधार पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी। फहीम अभी सिविल लाइंस पुलिस की हिरासत में है। - विप्लव शर्मा, थानाध्यक्ष-मझोला

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : अजय व उसकी मां कहां है? मोहल्ले व मकान मालिक को भी नहीं मालूम

 

संबंधित समाचार