करनालः खट्टर ने बाढ़ मृतकों के परिजनों को दी 24 लाख की सहायता राशि
करनाल। हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने रविवार को यहां बाढ़ के कारण जान गंवाने वाले छह लोगों के परिजनों को 24 लाख की सहायता राशि प्रदान की तथा उनके प्रति संवेदना व्यक्त की।
इस मौके पर मीडिया से बातचीत में कहा कि प्रदेश के आठ जिलों में 35 लोगों के परिजनों को सहायता राशि सौंपी गई है। सभी के खाते में सीधे यह राशि पहुंच जाएगी। उन्होंने कहा कि किसान और अन्य कोई नुकसान के लिए राज्य सरकार ने क्षतिपूर्ति पोर्टल खोल दिया है। इस पर नुकसान का दावा दर्ज करने के बाद सात दिन में इसे वेरिफाई किया जाएगा और इसके बाद मुआवजा दे दिया जाएगा।
आगे उन्होंने कहा कि मैं स्वयं सिरसा और फतेहाबाद गया था। फतेहाबाद में पानी अभी भी गांवों में भरा हुआ है जबकि सिरसा में काफी हद तक नियंत्रण किया जा चुका है। राजस्थान की तरफ जो पानी जाना है, उस व्यवस्था में अभी सुधार की जरूरत है। पहाड़ों में बारिश हुई है। इससे यमुना और घग्गर नदियों का जलस्तर बढ़ा है। अभी स्थिति नियंत्रण में है।
मीडिया के एक सवाल पर मुख्यमंत्री ने कहा कि कांग्रेस पोर्टल का विरोध कर रही है। आज 100 के करीब पोर्टल हैं। सूचना प्रौद्योगिकी(आईटी) का काम 25 साल पहले देश में शुरू हो गया था लेकिन कांग्रेस इस कार्य में शून्य रही। मौजूदा सरकार ने आईटी के माध्यम से जो लाभ दिए जाने थे, उन पर कार्य किया।
आज तभी लोगों को समय पर मुआवाज और सहायता राशि मिल रही है। आगे खट्टर के अनुसार सरकार ने गत दिनों पुन्हाना में 14 गांवों में अभियान चलाकर बड़ी संख्या में ऐसे लड़कों को पकड़ा है, जिन पर लगभग 100 करोड़ रुपये के मामले निकले हैं। इनसे वसूली होने की सम्भावना है। इसके साथ ही मणिपुर की घटना की भी निंदा की।
यह भी पढ़ें- हिसारः अपहृत युवक की हत्या, चौधरी माइनर में मिला शव, क्षेत्र में सनसनी
