आप सासंद संजय सिंह राज्यसभा से पूरे सत्र के लिए निलंबित, सदन की कार्यवाही को बाधित करने पर सभापति ने लिया एक्शन

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। आम आदमी पार्टी (आप) के राज्यसभा सदस्य संजय सिंह को सोमवार को उच्च सदन में हंगामा और आसन के निर्देशों का उल्लंघन करने के लिए वर्तमान मानसून सत्र की शेष अवधि तक के लिए निलंबित कर दिया गया। सभापति जगदीप धनखड़ ने प्रश्नकाल में सिंह को निलंबित करने की घोषणा की।

इससे पहले आसन के समीप आए सिंह के नाम का सभापति ने उल्लेख किया। आसन द्वारा किसी सदस्य के नाम का उल्लेख किए जाने पर उस सदस्य को तत्काल सदन से बाहर जाना होता है और वह पूरे दिन सदन की कार्यवाही में भाग नहीं ले सकता।

इसके बाद सदन के नेता पीयूष गोयल ने सिंह को मौजूदा सत्र की शेष अवधि के लिए निलंबित करने का प्रस्ताव करते हुए कहा कि आप सदस्य का आचरण सदन की गरिमा के अनुकूल नहीं है। हंगामे के बीच ही गोयल के प्रस्ताव को सदन ने ध्वनिमत से मंजूरी दे दी।

सभापति ने कहा कि आप सदस्य सिंह ने बार-बार आसन के निर्देशों का उल्लंघन किया है, इसलिए उन्हें इस सत्र के शेष समय के लिए सदन से निलंबित किया जाता है। इसके बाद उन्होंने सदन की कार्यवाही दोपहर बारह बजकर 12 मिनट पर अपराह्न दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी। गौरतलब है कि उच्च सदन में संजय सिंह सहित आम आदमी पार्टी के 10 सदस्य हैं। 

ये भी पढे़ं- जब प्रधानमंत्री मणिपुर पर बयान नहीं देते तो लोकतंत्र के मंदिर में ‘व्यवधान, हंगामा’ होता है: सिब्बल 

 

 

संबंधित समाचार