मुरादाबाद : दिल्ली के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, मौत का कारण स्पष्ट नहीं

Amrit Vichar Network
Published By Bhawna
On

मुरादाबाद।  रेलवे स्टेशन के समीप दिल्ली रोड पर स्थित होटल रीगल में सोमवार सुबह दिल्ली के युवक की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। युवक गौरव प्रताप सिंह (33) दिल्ली जल निगम का कर्मचारी था। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने गौरव की मौत का कारण हार्ट-अटैक होना बताया है। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। 

गौरव दिल्ली के मालवीय नगर दक्षिणी में पीटीएस महरौली रोड टाइप-1 का निवासी था। दोपहर बाद मृतक गौरव के पिता देशराज सिंह और बड़े भाई विनय प्रताप सिंह भी यहां आ गए थे। उधर, होटल कर्मी राम सिंह बिष्ट ने बताया कि गौरव प्रताप सिंह 208 नंबर कमरे में ठहरे थे। पहले वह अपने साथी कर्मियों संग दूसरे कमरे में रुके थे। लेकिन, रविवार को उनके साथी निकल गए थे तो उन्होंने दूसरा नया कमरा लिया था। उसने बताया कि गौरव ने सुबह काॅफी बोली थी।

वेटर जीना चढ़कर दूसरे फ्लोर पर जा रहा था तो गौरव उसे जीने पर लेटा मिले, वह आंख बंद किए थे तो वेटर भी उसे नींद में होना समझा और उसके कमरे में लाइट के स्वीच बंदकर लौट आया। कुछ देर बाद पता चला कि वह मृत अवस्था में जीने पर लेटा है। उसके शरीर को हिलाने पर कोई हरकत नहीं दिखी तो पुलिस को सूचित किया और उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल ले गए थे। यहां चिकित्सक ने देखते ही मृत घोषित कर दिया।

सूचना पर पहुंचे रेल पुलिस चौकी इंचार्ज सौरभ त्यागी ने उच्चाधिकारियों को जानकारी दी, जिस पर एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया, सीओ सिविल लाइंस अर्पित कपूर व अन्य पुलिस बल ने आकर प्रारंभिक जांच की और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एसपी सिटी अखिलेश भदौरिया ने बताया कि गौरव की सोमवार सुबह हार्ट अटैक से मृत्यु होने की बात सामने आ रही है लेकिन, फिर भी उसकी मौत का कारण जानने के लिए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।

डेढ़ साल पहले ही हुई थी गौरव की शादी 
गौरव के फुफेरे भाई बिट्टू प्रताप सिंह ने बताया कि गौरव दो भाई है। बड़ा भाई विनय प्रताप सिंह दिल्ली में रहकर प्राइवेट जॉब करता है। दोनों भाइयों से बड़ी एक बहन है, जो विवाहित है। गौरव के पिता देशराज सिंह दिल्ली में सहायक उप-निरीक्षक (एएसआई) पद से अभी डेढ़-दो महीने पहले ही सेवानिवृत्त हुए हैं। डेढ़ साल पहले ही गौरव प्रताप सिंह का विवाह हुआ था। उनके छह-सात महीने की एक बेटी है।

पोस्टमार्टम की अनुमति को लेकर परेशान रहे परिजन
शाम के 6.50 बजे बिट्टू प्रताप सिंह ने बताया कि वह दोपहर दो बजे से ममेरे भाई के शव के पोस्टमार्टम के लिए दरोगा से लेकर एसपी सिटी और कलेक्ट्रेट तक की दौड़ लगा रहे हैं। दरोगा कह रहे है प्रार्थना पत्र लिखकर प्रशासन से संपर्क करो और प्रशासनिक अधिकारी ने कहा, पहले एसपी सिटी के यहां जाओ उनसे लिखवाकर लाओ। इसी में वह (बिट्टू) और मृतक के पिता देशराज सिंह व भाई विनय परेशान हैं।

ये भी पढ़ें : मुरादाबाद  : अब बंदी की रिहाई में जमानतदार का नहीं फंसेगा पेंच, नियमों में हुआ बदलाव

संबंधित समाचार