Kanpur News : बेटे की मौत पर नहीं जाने दिया, ट्रक ड्राइवर पिता की भी सदमे से गई जान, जानिए पूरा मामला
कानपुर में ट्रक ड्राइवर पिता की सदमे से मौत।
कानपुर में बेटे की मौत पर नहीं जाने देने पर ट्रक ड्राइवर पिता की सदमे में मौत हो गई। घटना से परिजनों में कोहराम मच गया।
कानपुर, अमृत विचार। अपने बेटे की मौत की जानकारी मिलने पर ट्रक ड्राइवर गिड़गिड़ाता रहा, जाने की भीख मांगता रहा परिवार की दुहाई देता रहा लेकिन जीएसटी अधिकारियों ने उसकी एक न सुनी। अफसरों को उसकी बात केवल नाटक लग रही थी। रोते-रोते सोने के लिए गया ड्राइवर जब रविवार दोपहर तक नहीं उठा तो जानकारी करने पर पता चला कि उसकी मौत हो गई है। मामला विकास नगर स्थित जीएसटी ऑफिस का है।
ट्रक मालिक ने परिवार वालों को ड्राइवर के दम तोड़ने की जानकारी दी तो परिवार में कोहराम मच गया। 24 घंटे के अंदर परिवार में हुई दूसरी मौत ने पूरे परिवार को हिलाकर रख दिया।
पंजाब के असलमगंज के रहने वाले 49 वर्षीय बलबीर सिंह उर्फ बिल्लू पंजाब निवासी ललित कुमार का ट्रक चलाते थे। बीते गुरुवार को वह कानपुर आए थे। शुक्रवार को वह कोयला नगर से स्क्रैप लेकर पंजाब जा रहे थे। इसी दौरान गीता नगर क्रॉसिंग पार करने के दौरान ज्वाइंट कमिश्नर जीएसटी की टीम ने ट्रक को रोक लिया और विकास नगर स्थित जीएसटी ऑफिस ले जाकर ट्रक खड़ा करा दिया।
बिल्लू ने ट्रक मालिक ललित कुमार को इस मामले की जानकारी दी और वहां से जाने की परमिशन लेने में जुट गया। शनिवार सुबह बिल्लू के बेटे की करंट में चिपककर मौत हो गई। इसकी जानकारी जैसे ही बिल्लू को हुई तो उससे रहा नहीं गया। उसने अधिकारियों से लेकर चपरासियों तक की मिन्नतें की। सभी को बताया कि उसके बेटे की मौत हो गई है, लेकिन सभी ने बहाना मानकर उसे दुत्कार दिया।
बेटे की मौत से दुखी ट्रक ड्राइवर बिल्लू शनिवार रात ट्रक के केबिन में सोने चला गया। रविवार दोपहर तक जब वह नहीं उठा तो चपरासियों ने ये सोचकर केबिन का गेट खटखटाया कि कहीं बिल्लू भाग तो नहीं गया। जब काफी देर तक कोई हलचल नहीं हुई तो कर्मचारियों ने झांक कर देखा तो बिल्लू का शव केबिन में पड़ा था।
ट्रक मालिक के मार्फत परिवार से संपर्क कर जानकारी दी गई तो 24 घंटे के अंदर परिवार में हुई दूसरी मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
परिवार वाले पंजाब से कानपुर के लिए रवाना हो गए है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मौत की सही वजह पता चलेगी। परिवार तहरीर देगा तो मुकदमा दर्ज किया जाएगा।- धनंजय पांडेय, प्रभारी निरीक्षक कल्याणपुर
