अयोध्या : सरयू में डूबने से बचाव की योजना पर प्रशासन ने बढ़ाया कदम
2.32 करोड़ से होगी उपकरणों की खरीद, अवमुक्त हुई है 6.16 करोड़ राशि
अयोध्या, अमृत विचार। राम नगरी में स्नान के दौरान आए दिन होने वाली डूबने की घटनाओं पर रोकथाम के लिए शासन से धनराशि अवमुक्त होने के बाद जिला प्रशासन ने कवायद शुरू की है। कार्ययोजना को दो माह में अमली जामा पहनाने की योजना है, जिसके लिए अधीक्षण अभियंता कार्यालय गुण मंडल की ओर से दो करोड़ 32 लाख की रकम से उपकरणों की खरीद और इसकी स्थापना कराई जाएगी। जिला प्रशासन की कार्ययोजना को स्वीकृत करते हुए राज्य के आपदा विभाग ने आपदा न्यूनीकरण निधि से 6 करोड़ 16 लाख रुपए की वित्तीय मंजूरी प्रदान की थी।
मानसूनी सीजन में जब सरयू के जलस्तर में उतार-चढ़ाव जारी है और स्नान के दौरान हादसों की पुनरावृत्ति बढ़ी है। शासन-प्रशासन की ओर से सरयू नदी के दाहिने तरफ निर्मित विभिन्न स्नान घाटों पर डूबने से होने वाली जनहानि को रोकने के लिए सुरक्षात्मक उपाय लागू करने की दिशा में कदम आगे बढ़ाया है। सरयू के घाट पर जल पुलिस की तैनाती, मेला और पर्व के दौरान पीएसी के बाढ़ राहत दल की ड्यूटी तथा घाटों पर मौजूद नाविकों व गोताखोरों की मदद तथा एसडीआरएफ (राज्य आपदा मोचक दल ) की अस्थाई तैनाती के बावजूद डूबने से होने वाली जनहानि पर प्रभावी लगाम न लग पाने के चलते जिला प्रशासन की ओर से इसी वर्ष फरवरी माह में विस्तृत कार्य योजना बनाकर इसके क्रियान्वयन पर प्रभावी कार्रवाई के अनुरोध प्रस्ताव के साथ शासन को भेजा गया था।
जिला प्रशासन की ओर से भेजे गए विस्तृत कार्य योजना पर मई माह में आयोजित राज्य कार्यकारिणी की बैठक में विचार विमर्श के बाद मंजूरी दी गई थी। जिसके बाद राज्य आपदा विभाग ने वित्तीय वर्ष 2023-24 में आपदा न्यूनीकरण निधि से 6 करोड़ 16 लाख 30 हजार 694 रुपये की धनराशि स्वीकृत की है। अमृत विचार में प्रमुखता से इस आशय की खबर छपने के बाद प्रशासन हरकत में आया है और सुरक्षात्मक उपाय के लिए प्रक्रिया तेज की गई है।
प्रक्रिया के तहत अधीक्षण अभियंता, गुण मंडल कार्यालय की ओर से विभिन्न सुरक्षा उपकरणों की खरीद और इसकी स्थापना के लिए 2 करोड़ 32 लाख रूपये की निविदा जारी की गई है। कार्यावधि 60 दिन अर्थात दो माह तय की गई है। योजना के तहत विभाग की ओर से 1370 फ्लोटिंग बैरियर, 8 सायरन कम मेगाफोन, 3300 मी. रेस्क्यू रस्सी, 125 लाइफ जैकेट, 46 लाइफ ब्यॉय,3 रेस्क्यू डेक्स, 3 रेस्क्यू लाइन लांचर, 45 रेस्क्यू बैग तथा 270 वर्ग मी. एचडीपीई फ्लोटिंग जेट्टी और 4635 वर्ग मी. सेफ्टी नेट की खरीद तथा स्थापना का प्रस्ताव है।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : सात साल के बच्चे को पानी में धक्का देकर गिराया, सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल
