रामपुर : डंपर से कुचलकर किसान की मौत, गुस्साए ग्रामीणों ने लगाया जाम...पुलिस से तीखी नोंकझोक

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

गांव में दो ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने किया हंगामा, किसान की मौत पर परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल

शाहबाद (रामपुर),अमृत विचार। तेज रफ्तार डंपर ने साइकिल सवार किसान को कुचल दिया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। गांव में दो ब्रेकर बनवाए जाने की मांग को लेकर ग्रामीणों ने शाहबाद-आसफपुर मार्ग पर जाम लगा दिया। जब तक ब्रेकर नहीं बन जाते मृतक किसान के शव को न उठने देने की बात कही। शव उठाने को लेकर ग्रामीणों की पुलिस से तीखी नोंकझोक भी हुई। सीओ ने मौके पर पहुंचकर परिजनों को समझा बुझाकर शव को उठवाकर पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

ढकिया चौकी क्षेत्र के खंजीपुरा गांव निवासी 60 वर्षीय किसान रामपाल पासी मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे अपने खेत से साइकिल से घर को आ रहा था। जैसे ही वह अपने गांव के सामने आए तो शाहबाद-आसफपुर मार्ग पर आ रहे तेज रफ्तार डंपर ने पीछे से उनकी साइकिल में टक्कर मार दी। डंपर की साइकिल में टक्कर लगते ही रामपाल पासी डंपर के पहिए के नीचे आ गए। डंपर कुचलता हुआ शाहबाद की तरफ को भाग गया। ग्रामीणों ने डंपर का पीछा किया। 112 नंबर पुलिस को फोनकर अवगत कराया।

शाहबाद पुलिस ने भाग रहे डंपर को पकड़ लिया। किसान की डंपर से कुचलकर मौत हो जाने की सूचना मिलते ही ढकिया चौकी प्रभारी विपिन कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर जा पहुंचे, लेकिन ग्रामीणों ने कहा कि जब तक उनके गांव के सामने मार्ग पर ब्रेकर नहीं लग जाएंगे वे मृतक के शव को नहीं उठने देंगे। जिसके कारण मार्ग पर जाम लग गया। ढकिया चौकी प्रभारी ने मामले की सूचना उच्चधिकारियों को दी तो कुछ ही देर में शाहबाद कोतवाली की पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस के समझाने पर भी ग्रामीण व मृतक के परिवार की महिलाओं ने शव नहीं उठाने दिया।

इस दौरान पुलिस व ग्रामीणों के बीच शव उठाने को लेकर तीखी नोंकझोक भी हुई। शाहबाद सीओ कीर्ति निधि आनंद भी मौके पर जा पहुंचे। उन्होंने एसडीएम को मौके पर बुलाकर शाम तक गांव के सामने शाहबाद आसफपुर मार्ग पर दो ब्रेकर बनवाए जाने का आश्वासन दिया। तब जाकर ग्रामीण शांत हुए और मृतक किसान के शव को उठाकर पोस्टमार्टम के लिए ले जाने दिया। शव उठने के बाद पुलिस ने मार्ग के दोनों ओर खड़े वाहनों को निकलवाया। किसान की मौत होने से परिजनों का रो रोकर बुरा हाल था। मृतक किसान के बेटे ने शाहबाद कोतवाली में डंपर चालक के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज करा दी है।

ये भी पढ़ें : रामपुर : पांच लाख और कार न मिलने पर शौहर ने बीवी को दिया तलाक, सात लोगों के लिखाफ रिपोर्ट दर्ज

संबंधित समाचार