बरेली: प्रस्तावित सर्किल रेट से हाहाकार, जमीनों के रेट न बढ़ाने की मांग

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिलेभर से सौ से अधिक आपत्तियां कलेक्ट्रेट, तहसीलों व निबंधन कार्यालयों में पहुंचीं

बरेली, अमृत विचार। 1 अगस्त से जिले में लागू किए जाने वाले प्रस्तावित सर्किल रेट पर 100 से अधिक आपत्तियां आई हैं। आपत्तियों में कहा गया है कि मूल्यांकन सूचियों में दर्ज 20 से 25 फीसदी अधिक रेट यदि लागू हो गए तो व्यावसायिक संपत्तियों में मकान, दुकान, कार्यालय, गाेदाम खरीदना तो सबसे महंगा होगा ही, इसके साथ अकृषक भूमि की खरीद-फरोख्त भी जेब ढीली कराएगी। इस वजह से लोगों ने कई क्षेत्रों में जमीनों के रेट नहीं बढ़ाने की मांग उठाई है।

इस बार निबंधन विभाग ने ही सदर तहसील क्षेत्र की उप निबंधक प्रथम, उप निबंधक द्वितीय के साथ नवाबगंज, आंवला, फरीदपुर, मीरगंज और बहेड़ी तहसील क्षेत्र की संपत्तियों की जो मूल्यांकन सूचियों का प्रकाशन कराया है, उनमें कमियां भी सामने आई हैं। कई आपत्तियों में लोगों ने कहा कि फरीदपुर क्षेत्र में हाईवे के तमाम गाटा संख्या बदल गए हैं, लेकिन फरीदपुर मूल्यांकन सूची में पुराने गाटा संख्या ही हैं। दो साल पहले हुई चकबंदी में हाईवे किनारे के कई गाटा संख्या का नंबर बदल गया था लेकिन प्रस्तावित सर्किल रेट की सूची में पुराना ही नंबर है। इसे सुनील सिंह ने बदलने की मांग की है।

शहर के स्टेडियम रोड की जमीनों के अधिक सर्किल रेट लगाने की बात कहते हुए रेट न बढ़ाए जाने की मांग की गई है। कलेक्ट्रेट में स्टांप लिपिक के यहां आपत्ति दर्ज कराते हुए सुनील सिंह ने कहा कि बड़ापुरा में रजपुरी नवादा के पास कृषि भूमि रेट अधिक लगाया गया है और फरीदपुर में हाईवे किनारे के गाटा नंबरों को ठीक करने की मांग की।

बाजार मूल्य से अधिक सर्किल रेट लागू करने की तैयारी
शहर की डिवाइन सिटी कालोनी के जसविंदर सिंह, विकास दुबे, रजत श्रीवास्तव ने आपत्ति देते हुए कहा है कि यह क्षेत्र विकसित एरिया में नहीं है। यहां पर भूमि की खरीद-फरोख्त न के बराबर है, इसके बावजूद सर्किल रेट बाजार मूल्य से भी अधिक लागू करने की तैयारी है। रेट न बढ़ाने की मांग रखी। वहीं पूर्व विधायक महिपाल सिंह यादव ने आपत्ति दर्ज कराते हुए कहा है कि गाटा नंबर 190, 192 और 193 में कृषि हो रही है लेकिन इन नंबरों को आबादी में दिखाकर सर्किल रेट तय किए गए हैं। इन्हें आबादी से हटाने की बात कही है। पुष्पा सिंह ने कहा है कि बदायूं रोड पर गाटा संख्या 235 और 236 के रेट नहीं बढ़ाएं।

रोड ग्रीन बेल्ट में इसलिए लोग नहीं खरीद रहे संपत्ति
डेलापीर चौराहे से एयरफोर्स रोड पर सर्किल रेट नहीं बढ़ाने की मांग करते हुए एक व्यक्ति ने कहा कि यह रोड ग्रीन बेल्ट में शामिल है इसलिए वैसे भी इस रोड पर लोग संपत्ति नहीं खरीद रहे हैं। इसलिए बढ़ाकर सर्किल रेट लागू न किए जाएं। मेहंदी हसन ने आपत्ति दर्ज कराते हुए सैदपुर हाकिंस की जमीनों के रेट नहीं बढ़ाने की मांग की है। स्टांप लिपिक समेत तहसीलों, निबंधन कार्यालयों में 100 से अधिक आपत्तियां और सुझाव पहुंचे हैं। जिलाधिकारी शिवाकान्त द्विवेदी, एडीएम फाइनेंस, एआईजी निबंधन समेत अन्य अधिकारियों की मौजूदगी में कलेक्ट्रेट में 27 जुलाई को आपत्तियों पर चर्चा होगी और शिकायतकर्ताओं की मौजूदगी में निस्तारण कराया जाएगा।

ये भी पढ़ें- बरेली: NCD क्लिनिक को लेकर असमंजस में मरीज, सात महीने से नहीं मिल पा रहीं सुविधाएं

संबंधित समाचार