Etawah News : पुलिस ने तीन चोरियों का खुलासा कर छह चोर पकड़े, तीन मौके से फरार, यह सामान हुआ बरामद

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

इटावा में पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा किया।

इटावा में पुलिस ने चोरी की घटना का खुलासा किया। पुलिस ने छह चोर को गिरफ्तार कर लिया। जबकि तीन मौके से फरार हो गए। चोरी के माल के साथ असलहे, बाइकें बरामद की।

इटावा, अमृत विचार। जिला पुलिस ने मंगलवार की रात छह चोर पकड़कर चोरी की तीन घटनाओं का खुलासा किया है। जिसमें एक बकेवर नगर की तो दो भरथना थाना क्षेत्र की बताई गई हैं। पुलिस की मुस्तैदी के बावजूद तीन चोर भाग जाने में सफल रहे।

थाना प्रभारी बकेवर इंस्पेक्टर रणबहादुर ने बताया कि मंगलवार रात सूचना मिली नगर में चोरी की वारदात में शामिल बदमाश चंद्रपुरा से नगलाबनी जाने वाली माइनर के पास वारदात करने की फिराक में खड़े हैं। इस पर सिटी इंचार्ज बृजेश कुमार सिंह, एसआई अनुज बालियान, आरके निषाद फोर्स के साथ वहां पहुंचे तो बाइकों के साथ खड़े कुछ युवक पुलिस को देखकर भागने लगे।  

इस पर पुलिस की टीमों ने दौड़ लगाकर छह लोगों को पकड़ लिया।  तीन अंधेरे में भाग  गए। पकड़े गए चोरों ने थाना क्षेत्र के गांव सराय नोधना का अंशु बाथम, प्रिंस उर्फ शरद, कृष्णा , विकास दिवाकर, नगर में विद्याबिहार का  राहुल राजपूत पुत्र प्रमोद राजपूत तथा सोनू उर्फ विजय सविता  शामिल हैं।

इनसे तमंचे, कारतूस, चाकू, दो बाइकें बरामद हुई जबकि सराय नोधना का आकाश, गांव नगला बनी के शालू यादव, गौरव उर्फ करिया यादव भाग गए। यह लोग  किसी बड़ी वारदात की फिराक में थे। थाना प्रभारी ने बताया कि बीते सप्ताह नगर में इटावा रोड पर किराना व्यवसायी रविन्द्र सिंह चौहान की किराना स्टोर में चोरी हुई थी। भरथना थाना क्षेत्र के गांव चदरौआ व ददियान में तीन घरों में चोरी हुई थी जो इन चोरों ने करना कबूला है।           
एटीएम काटने का किया था प्रयास 

नगर भरथना में इसी महीने एक एटीएम को काटने का प्रयास भी इन्हीं चोरों ने किया था पुलिस आ जाने से भाग गए थे। एटीएम के सीसीटीवी से इसका पता चला है।

चोरों से बरामद हुआ चोरी का माल  

पकड़े गए चोरों के पास से किराना का सामान व दोनों गांवों से चुराए गए समान में से चार जोड़ी पायलें, 42 जोड़ी बिछिया, दो कमरपेटी, तीन नजरी, दो चांदी की चेन व तीन बोरी में परचून का समान तथा 43 सौ रुपये बरामद हुए।

संबंधित समाचार