प्रयागराज : अस्पताल में बच्चे को जन्म देते ही प्रसूता की मौत, हंगामा
प्रयागराज, अमृत विचार। अस्पताल में गुरुवार को बच्चे को जन्म देने के बाद एक विवाहिता की तबीयत अचानक बिगड़ गयी। घरवाले उसे दूसरे अस्पताल ले जाने लगे तभी रास्ते में मौत हो गई। मायके वालों ने ससुरालियों के ऊपर इलाज में लापरवाही और का आरोप लगाया है। इसको लेकर बवाल शुरु हो गया। सूचना पुलिस को दी गयी तो मौके पर पहुंची पुलिस ने किसी तरह कई लोगो को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मामला करैली थाना अंतर्गत का है।
करैली थाना के करेलाबाग बालू मंडी के रहने वाले आदर्श निषाद बालू कारोबारी है, उनकी शादी तीन साल पहले शिवानी निषाद (23) निवासी करेलाबाग के साथ हुई थी। उसके डेढ़ साल का एक बेटा है। शिवानी को यह दूसरा बच्चा था। बुधवार को प्रसव पीड़ा होने पर घरवालो ने उसे करेली के एक प्राईवेट अस्पताल में भर्ती कराया था। गुरुवार सुबह नॉर्मल डिलीवरी हुई। जिसमें उसने एक बेटे को जन्म दिया।
डिलीवरी के बाद अचानक शिवानी की तबीयत बिगड़ गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने उसे जवाब दे दिया। आदर्श के घरवाले शिवानी को लेकर दूसरे अस्पताल के लिए चल दिये जहां रास्ते में शिवानी ने दम तोड़ दिया। सूचना होने पर शिवानी के पिता विक्रमाजीत निषाद, भाई नीरज निषाद ने शिवानी के इलाज में लापरवाही का आरोप लगाने लगे। मायके वाले हंगामा करने लगे।
काफी देर चले हंगामे को किसी तरह से पुलिस ने शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इंस्पेक्टर का कहना कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मायके पक्ष की तहरीर पर कार्रवाई की जाएगी।
ये भी पढ़ें -लखनऊ : एम देवराज के ट्रांसफर पर शक्ति भवन में खुशी की लहर, बंट रही मिठाई
