पीलीभीत: पति की हत्या कर किए टुकड़े और नदी में बहा दिए, जानिए पूरा मामला
पीलीभीत/गजरौला। अमृत विचार। चार दिन पहले लापता हुए बुजुर्ग की बेटे से मिली तहरीर पर गुमशुदगी दर्ज करने के बाद पुलिस ने पत्नी को संदेह के आधार पर हिरासत में लेकर पूछताछ की। जिसके बाद बताते हैं कि पत्नी की ओर से बताई कहानी सुनकर पुलिस के भी होश उड़ गए।
पत्नी ने पति की हत्या करने के बाद टुकड़े कर बोरी में डालकर नहर में फेंक देने की बात कही। पुलिस अब नहर से शव बरामद करने में जुट गई है। हालांकि देर शाम तक शव नहीं मिल सका है। गोताखोर और तैराकी जानने वाले ग्रामीणों की मदद से नहर में छानबीन की जा रही है।
मामला गजरौला थाना क्षेत्र के ग्राम शिवनगर का है। बताते हैं कि गांव के रहने वाले 60 वर्षीय रामपाल 24 जुलाई को रहस्यमय ढंग से लापता हो गए थे। इसके बाद से ही परिवार वाले उसकी तलाश कर रहे थे। बुधवार को बेटे सोमपाल की ओर से पिता के लापता होने की तहरीर गजरौला पुलिस को दी गई।
जिसके आधार पर गुमशुदगी दर्ज की गई। जिसके बाद पुलिस ने मामले की जांच पड़ताल शुरू कर दी। सुरागरसी के दौरान पुलिस का शक लापता बुजुर्ग की पत्नी पर गहरा गया। बताते हैं कि पूछताछ के दौरान पत्नी ने हत्या करने की बात स्वीकारी। यह भी बताया कि दंपति के बीच हुए झगड़े के बाद उसने पति पर पलटा से वार कर दिया। जिसमें पति की मौत हो गई।
इसके बाद उसने घर पर ही कुल्हाड़ी से पति के शव के कई टुकड़े कर दिए और उन्हें गांव के बाहर से गुजर रही नहर में बोरी में बंद करके फेंक दिया। पत्नी की ओर से सुनाई गई कहानी ने पुलिस के होश उड़ा दिए। इसी के साथ गुमशुदगी को लेकर शुरू हुई छानबीन हत्या तक पहुंच गई।
इंस्पेक्टर गजरौला प्रभास चंद ने अधिकारियों को अवगत कराया और परिवार के कुछ सदस्यों व पुलिस बल के साथ गुरुवार को नहर पर जा पहुंचे। पत्नी की कहानी की सत्यता जानने व साक्ष्य जुटाने के लिए प्रयास शुरू कर दिए। गोताखोर और कुछ ग्रामीण (तैराकी जानने वाले) नहर में उतार दिए गए ताकि बोरे में बंद कर फेंके गए शव के टुकड़ों को बरामद किया जा सके। देर शाम तक नहर में तलाश चलती रही लेकिन सफलता नहीं मिल सकी है।
उधर, हिरासत में ली गई पत्नी से भी गहनता से पूछताछ की जा रही है। मामला पूरे क्षेत्र में चर्चा का विषय बना हुआ है। हालांकि अफसर अभी हत्या को लेकर खुलकर कुछ भी नहीं बोल रहे हैं। सीओ सिटी अंशु जैन ने बताया कि अभी हत्या को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। पुलिस की टीमें छानबीन कर रही है। नहर में भी तलाश कराई जा रही है।
यह भी पढे़ें- पीलीभीत: पहले पिलाई शराब और फिर लाठी से वार करके ग्रामीण को मार डाला...दो गिरफ्तार
