शाहजहांपुर: प्रेम-प्रसंग के चलते युवक को मारी गोली, हालत गंभीर
सीओ ने अस्पताल पहुंचकर ली घटना की जानकारी, किया मौका मुआयना
तिलहर, अमृत विचार। बाइक से शहर जा रहे एक युवक को गुरुवार दोपहर रिंग रोड पर गर्रा पुल के पास कुछ लोगों ने गोली मारकर घायल कर दिया। उसका मेडिकल कॉलेज में इलाज चल रहा है। सीओ प्रयांक जैन और इंस्पेक्टर धनंजय सिंह ने मेडिकल कॉलेज पहुंचकर मामले की जानकारी की। पुलिस ने घटना स्थल का भी निरीक्षण किया। घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बताया जा रहा है।
थाना मदनापुर निवासी अरविंद सिंह ने बताया कि गुरूवार दोपहर करीब एक बजे वह बाइक से शहर की तरफ जा रहा था, रिंग रोड पर गर्रा पुल पर पहुंचते ही दो बाइक पर सवार चार लोगों ने उसे रोक लिया और उसकी बाइक की चाबी निकालकर उसे पकड़ कर पुल के नीचे ले गए।
जहां अरविंद के पेट में तमंचे से उन लोगों ने गोली मार दी। गोली लगते ही वह गिरकर तड़पने लगा, इसी बीच हमलावर मौके फरार हो गए। गोली लगने से घायल अरविंद ने अपने बहनोई व अन्य रिश्तेदारों को फोन पर घटना की जानकारी दी। राहगीरों ने 108 पर कॉल करके एंबुलेंस के जरिये उसे मेडिकल कॉलेज पहुंचाया।
इसके बाद रिश्तेदार और परिजन भी मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। परिजनों की सूचना पर सीओ प्रयांक जैन और इंस्पेक्टर भी पुलिस बल के साथ मेडिकल कॉलेज पहुंच गए और घायल से घटना के बारे में जानकारी कर मामले की जांच के साथ ही कार्रवाई का आश्वासन दिया।
सीओ ने घटनास्थल का भी निरीक्षण कर आसपास लोगों से मामले की जानकारी की। पुलिस घटना के पीछे प्रेम प्रसंग का मामला बता रही है। अरिवंद के एक युवती से प्रेम संबंध थे, दो महीने पहले ही उस युवती की शादी हुई थी। अरविंद के परिजनों के मुताबिक प्रेम प्रसंग की जानकारी होने पर युवती के पति और उसके घर वालों ने अरविंद को जान से मारने की धमकी दी थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घायल अरविंद के अनुसार मामला प्रेम प्रसंग से जुड़ा है,अभी तक पीड़ित की तरफ से पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलते ही दोषियों के खिलाफ सख्त कार्यवाही की जाएगी---प्रयांक जैन, सीओ।
यह भी पढ़ें- शाहजहांपुर: सपा नेत्री की हत्या करने वाला पति गिरफ्तार, पुलिस अन्य लोगों की तलाश में जुटी
