Unnao में गर्मी का प्रकोप जारी, पढ़ाई करने के दौरान 10 बच्चे हो गए बेहोश, मची अफरा-तफरी, जानें- पूरा मामला

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

उन्नाव में गर्मी के चलते पढ़ाई के दौरान 10 बच्चे बेहोश हो गए।

उन्नाव में गर्मी के कारण दो अलग-अलग प्राथमिक विद्यालयों में 10 बच्चे बेहोश हो गए। बेहोशी हालत में सभी बच्चों को स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

उन्नाव, अमृत विचार। उन्नाव में अन्य दिनों की अपेक्षा शुक्रवार को सुबह से ही गर्मी व उमस का प्रकोप बढ़ा रहा। इससे जिले के अलग-अलग विद्यालयों में पढ़ने पहुंचे 10 बच्चों की तबीयत बिगड़ गई। रिठनई प्रावि की छात्रा को अचलगंज स्थित पीएचसी और परियर क्षेत्र के मोमिनपुर स्थित परिषदीय विद्यालय के नौ छात्र-छात्राओं को निकटस्थ निजी हास्पिटल में भर्ती कराया गया।

जिले के परियर क्षेत्र के मोमिनपुर स्थित परिषदीय विद्यालय में पढ़ने पहुंचे एक के बाद एक कई बच्चे बेचैनी होने के चलते बेहोश होने लगे। यह नजारा देख विद्यालय स्टाफ के हाथ-पांव फूल गए। विद्यालय में मौजूद स्टाफ ने आनन-फानन व्यवस्था करते हुए विद्यालय की छात्रा मानसी (11), आयुष (12), आकांक्षा (11), काजल (13), समैना (10), निशी (13), नंदनी (11), पायल (13) व प्रियांशु (13) को परियर स्थित सहारा अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल प्रबंधन ने बच्चों का स्वास्थ्य पहले से बेहतर बताया है। मामले की जानकारी पर डीएम अपूर्वा दुबे के निर्देश पर सीएमओ ने मौके पर अफसरों को भेजा है।

इसके अलावा सिकंदरपुर करन ब्लाक क्षेत्र के प्रावि रिठनई में प्रार्थना के बाद रोज की तरह पढ़ाई शुरू हुई। कुछ देर बाद कक्षा पांच की छात्रा पिंकी की तबीयत अचानक बिगड़ गई और वह बेहोश हो गई। इससे बच्चों व पढ़ाई कर रहे शिक्षक-शिक्षिकाओं में हड़कंप मच गया।

प्रधान शिक्षक सुशील शुक्ल ने फोन कर एंबुलेंस बुलाई। साथ ही रसोइया को भेजकर अभिभावकों को सूचना दी। एंबुलेंस के साथ छात्रा की मां ज्ञानवती पत्नी हीरालाल अन्य परिवारिजनों के साथ विद्यालय पहुंची। प्रधानाध्यापक ने परिजनों के साथ छात्रा को पीएचसी अचलगंज भिजवाया। प्रधानाध्यापक ने बताया कि दोपहर बाद तक छात्रा का इलाज चल रहा था।

संबंधित समाचार