मुरादाबाद : पीएम-सीएम की तस्वीरों से छेड़छाड़ कर इंटरनेट पर वायरल
चक्कर की मिलक के आरोपियों पर केस दर्ज
मुरादाबाद, अमृत विचार। धार्मिक विश्वासों को जानबूझकर चोट पहुंचने सहित कई गंभीर आरोप में युवक ने तीन लोगों के विरुद्ध सिविल लाइंस थाने में शुक्रवार को केस दर्ज कराया है। इसमें पुराने एआरटीओ ऑफिस के पास चक्कर की मिलक के रईस अहमद, नफीस अहमद व उसका भाई अनीस हुसैन है।
इसी मुहल्ले के मोहम्मद सलीम ने पुलिस को बताया है कि आरोपी नफीस अहमद उसे मुसलमानों और इस्लाम धर्म का विराेधी बोलता है। उसने बताया है कि नफीस ने उसकी फेसबुक आईडी से उसका फोटो चोरी कर प्रधानमंत्री, मुख्यमंत्री और अन्य राजनेताओं की तस्वीरों को एक धारावाहिक के निगेटिव किरदारों से मैच करके इंटरनेट पर वायरल कर अभद्र टिप्पणी की है।
बताया कि आरोपी 31 जुलाई 2022 को उसके घर घुस आए थे और मारपीट कर जान से मार देने की धमकी देकर चले गए थे। मामले में उसने पहले डीजीपी को डाक से प्रार्थना पत्र भेजकर शिकायत की थी। फिर एक अगस्त वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के समक्ष शिकायत की, लेकिन सुनवाई नहीं हुई।
ऐसे में उसे सीजेएम न्यायालय की शरण लेनी पड़ी है। सिविल लाइंस थाना पुलिस ने आरोपियों के विरुद्ध समूह की भावनाओं या धार्मिक विश्वासों को जानबूझकर चोट पहुंचना, समूहों के बीच शत्रुता को बढ़ावा देने और सद्भाव बिगाड़ने जैसे आरोपों के तहत केस दर्ज किया है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: नाबालिग के विवाह पर पिता और पति के खिलाफ रिपोर्ट
