सुलतानपुर बार के अध्यक्ष अरविंद तो सचिव बने आर्तमणि
सुलतानपुर, अमृत विचार। बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के लिए अरविंद पांडेय अध्यक्ष और आर्तमणि मिश्र सचिव चुने गए हैं। अन्य प्रत्याशियों की जीत के साथ नई कार्यकारिणी चुन ली गई है। अध्यक्ष पद के निकटतम प्रतिद्वंद्वी रणजीत सिंह त्रिसुण्डी कड़े संघर्ष में मात्र 35 मतों से पराजित हुए। सोमवार को वकीलों की बैठक में इसकी औपचारिक घोषणा की जाएगी।
बार एसोसिएशन की नई कार्यकारिणी के गठन के लिए शुक्रवार को दीवानी परिसर में मतगणना शांतिपूर्ण माहौल में सकुशल रूप से सम्पन्न हुई। मतदान के लिए छह बूथों पर 1847 वकीलों में से 1702 अधिवक्ताओं ने अपने मत का प्रयोग किया था। बताते चलें 16 पदों पर 59 वकीलों ने नामांकन भरा था। मतगणना सुबह 10 बजे से अंतिम परिणाम तक चली। इस दौरान सुरक्षा की दृष्टिगत सीओ राघवेंद्र चतुर्वेदी, नगर कोतवाल रामाशीष उपाध्याय, चौकी इंचार्ज सीताकुंड शारदेन्दु द्विवेदी मय पुलिस फोर्स चुस्त-दुरुस्त नजर आए। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के लिए छह वरिष्ठ अधिवक्ताओं ने दावेदारी पेश किया था । इनमे अरविंद पांडेय ने 603 वोट पाकर मात्र 35 वोट से रणजीत सिंह त्रिसुंडी को हराकर विजय हासिल की, जो अब बार एसोसिएशन सुलतानपुर के नये अध्यक्ष चुने गये है। वहीं, महासचिव पद पर आर्तमणि मिश्र ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी अजय सिंह को 202 वोट से हराकर विजयश्री हासिल की। आर्तमणि को कुल 446 मत मिले।
वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर विद्या भूषण पांडेय और उपाध्यक्ष पद पर प्रेम तिवारी ने जीत हासिल की। ट्रेजरार पद पर अजय पांडेय ने फतह हासिल की। वहीं सह सचिव प्रशासन के लिए बलराम तिवारी जीते। सचिव खुर्शीद क्लब के पद पर कुलदीप वर्मा ने जीत हासिल की। सह सचिव पुस्तकालय के लिए अजय पाठक जीते। वरिष्ठ कार्यकारिणी में अजय सिंह, राम प्रकाश चौबे, राममणि मिश्र, राजेश दीक्षित ने बाजी मारी। कनिष्ठ कार्यकारिणी के लिए अजय त्रिपाठी, प्रदीप कुमार यादव, मुकेश कुमार पांडेय ,मोहम्मद आरिफ जीते। जीत के बाद प्रत्याशी व समर्थक को एक-दूसरे को फूल माला पहनाकर व मिठाई खिलाकर बधाई दी। रंग गुलाल भी खूब उड़ाए गये। रात नौ बजे तक दीवानी चौराहे पर विजयी प्रत्याशियों के साथ उनके समर्थकों का जमावड़ा लगा रहा और एक दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी का इजहार करते रहे। मतगणना को लेकर दिन भर दीवानी परिसर व चौराहे पर गहमा गहमी रही।
कादीपुर बार अध्यक्ष बने रंजीत, 12 वोट से रामदेव हारे

बार एसोसिएशन के अध्यक्ष पद के प्रतिष्ठापूर्ण चुनाव में रंजीत सिंह ने अपने निकटतम प्रतिद्वंदी रामदेव यादव को 12 मतों से पराजित कर अध्यक्ष पद पर कब्जा जमा लिया। वहीं पर सचिव पद पर लालचंद शुक्ल ने अपने प्रतिद्वंदी मंगला प्रसाद तिवारी को 14 मतों से पराजित कर दिया। अध्यक्ष पद पर रंजीत सिंह को कुल 171 मत एवं उनके निकटतम प्रतिद्वंदी रामदेव यादव को 159 मत मिले। एक मत अवैध घोषित किया गया। इस प्रकार रंजीत सिंह 12 मतों से विजई घोषित हुए। वहीं पर सचिव पद पर लालचंद शुक्ल को 172 एवं उनके प्रतिद्वंदी मंगला प्रसाद तिवारी को 158 मत प्राप्त हुए। एक मत अवैध घोषित किया गया। इस प्रकार लालचंद शुक्ल 14 मतों से विजई घोषित किए गए। वरिष्ठ उपाध्यक्ष के पद पर अवधेश पांडेय, मध्यम उपाध्यक्ष संतोष कुमार एवं संजय श्रीवास्तव तथा कनिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर कैलाश शंकर दुबे एवं नीलम सिंह निर्विरोध चुनी गई। सह सचिव प्रशासन के पद पर राजेश एवं सह सचिव पुस्तकालय रविंद्र प्रताप सिंह, सह सचिव कल्याण निधि धर्मराज शुक्ल, कोषाध्यक्ष भुइजीत शुक्ल, ऑडिटर गजेंद्र प्रसाद पाल, सह ऑडिटर शेष नारायण तिवारी एवं अवनीश कुमार सिंह निर्विरोध चुने गए। वरिष्ठ सदस्य कार्यकारिणी के लिए वेद प्रकाश शर्मा, विनोद कुमार श्रीवास्तव, दयाशंकर मिश्र, राकेश सिंह, दिनेश कुमार दुबे, अमरजीत वर्मा, कनिष्क सदस्य कार्यकारिणी के लिए अंकित सिंह, कुंभज तिवारी, देवेंद्र पांडेय, विकास सिंह, मनोज कुमार, राजकुमार प्रभात सिंह निर्विरोध चुने गए। सभी विजयी प्रत्याशियों को प्रमाण पत्र दिया गया।
यह भी पढ़ें : लखनऊ : धरना देकर मांगी पदोन्नति और लंबित भुगतान
