बरेली: फीडबैक रजिस्टर में अब राेज दर्ज होगा फरियादियों का ''दर्द''
संतुष्टि और असंतुष्टि के कारणों की प्रतिदिन समीक्षा करेंगे एडीएम प्रशासन
बरेली, अमृत विचार। शिकायतों के निस्तारण से फरियादी कितने संतुष्ट हैं यह जानने के लिए प्रशासन कॉल करके उनसे फीडबैक लेगा, जिसे एक रजिस्टर में दर्ज किया जाएगा। यदि कोई संतुष्ट नहीं है तो उसे भी दर्ज किया जाएगा। एडीएम प्रशासन इन सभी मामलों की रोजाना समीक्षा करेंगे।
दरअसल, स्थानीय स्तर पर समस्याओं का समाधान न होने पर फरियादी आईजीआरएस और जिला मुख्यालय पर पहुंचकर शिकायतें कर रहे हैं। यहां से आदेश के बाद समस्या का समाधान हुआ या नहीं, अगर हुआ तो फरियादी उससे कितना संतुष्ट है। कहीं ऐसा तो नहीं फर्जी आख्या भेजकर सिर्फ कागजों में ही समस्या का समाधान कर दिया गया है और मौके पर कुछ नहीं किया गया। इन बिंदुओं पर फीडबैक लेने के लिए एडीएम प्रशासन दिनेश ने नई व्यवस्था बनाई है। उन्होंने फीडबैक रजिस्टर तैयार कराया है, जिसमें बिंदुवार फीडबैक दर्ज किया जाएगा। इसके लिए एडीएम ने कार्यालय के ही कई कर्मचारियों को जिम्मेदारी सौंपी है।
संतुष्ट नहीं होने पर दोबारा होगी जांच
आईजीआरएस, जनता दर्शन में की जाने वाली शिकायतों के निस्तारण के बाद फरियादियों के मोबाइल नंबर पर बात कर संपर्क किया जाएगा। वह क्या बताते हैं, यह रजिस्टर में दर्ज होगा। इसके बाद एडीएम रोजाना समीक्षा करेंगे कि पीड़ित निस्तारण से संतुष्ट हैं या नहीं। अगर संतुष्ट नहीं है तो दोबारा जांच कराई जाएगी।
सबसे ज्यादा शिकायतें किस क्षेत्र से हैं, यह भी होगा दर्ज
फरियादियों की संतुष्टि, असंतुष्टि को जानने के साथ रजिस्टर में यह भी दर्ज किया जाएगा कि जिले में सबसे ज्यादा सबसे समस्याएं किन क्षेत्रों में हैं। किन इलाकों में किस तरह की शिकायतें अधिक हैं। समीक्षा के बाद सबसे ज्यादा समस्या जहां हैं, वहां उन्हें कम करने का प्रयास किया जाएगा।
फरियादियों की संतुष्टि जानने के लिए फीडबैक रजिस्टर बनाया गया है। इसमें रोजाना बातचीत कर पीड़ितों की फीडबैक दर्ज किया जाएगा। कोशिश है कि फरियादियों को संतुष्ट किया जा सके। उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न हो - दिनेश, एडीएम प्रशासन।
ये भी पढ़ें- बरेली: बढ़ रहे हेपेटाइटिस के मरीज, करें बचाव
