मुरादाबाद : मंदिर समिति अध्यक्ष पर पुजारी को जहरीला पदार्थ देने का आरोप
मुरादाबाद, अमृत विचार। कांठ थाना क्षेत्र में मंदिर समिति अध्यक्ष पर पूजा करने आए व्यक्ति को बंधक बनाकर मारपीट करने और फिर जहरीला पदार्थ खिलाने का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार की बताई जा रही है।
पुजारी को अचेत अवस्था में परिवार वालों ने शनिवार देर शाम को रामगंगा विहार कॉलोनी के गुप्ता नर्सिंग होम में भर्ती कराया है। उधर, घटना की जानकारी पाकर सीओ सिविल लाइन अर्पित कूपर व बिलारी सीओ अंकित कुमार भी पहुंचे थे। पीड़ित पक्ष के जयवीर सैनी ने बताया कि वह छजलैट कस्बे के रहने वाले हैं। उनके बड़े भाई कांठ थाना क्षेत्र में लाड़लाबाद में शिव मंदिर में सुबह-शाम पूजा करने जाते हैं।
गुरुवार शाम को भी वह पूजा करने गए थे। जहां मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर सिंह ने उन्हें किसी बात पर बंधक बना लिया और कमरे में बंदकर मारा पीटा भी। उसके भाई ने ही किसी तरह से घर में फोन कर जानकारी दी तो जयवीर कांठ थाने की पुलिस लेकर मंदिर पहुंचा था। उसके साथ में भाभी सुनीता, मां प्रेमवती, भतीजा केपी भी था। उन लोगों ने बड़े भाई वीर सैनी को मुक्त कराया। उसी दौरान मंदिर परिसर में ही महावीर सिंह और मंदिर समिति के अन्य लोगों ने मारपीट शुरू कर दी। जिसमें उसकी भाभी सुनीता, मां प्रेमवती, भतीजा केपी घायल हुए हैं। उसी रात वह कांठ थाने में जाकर मंदिर समिति अध्यक्ष महावीर के विरुद्ध रिपोर्ट लिखाई थी।
इसके बाद शनिवार को वीर सैनी फिर शाम पांच बजे मंदिर में पूजा करने गया था। फिर उसके पास कांठ थाने से खबर आई तो वह सीधे थाने पहुंचा। देखा भाई अचेत अवस्था में था तो तुरंत उसे सरकारी अस्पताल में ले गया, जहां डॉक्टरों ने उसके भाई को जहरीला पदार्थ का सेवन किया जाना बताया। हालत गंभीर देख डॉक्टरों उसे रेफर कर दिया है। जयवीर का आरोप है कि उसके भाई को मंदिर समिति के अध्यक्ष महावीर ने ही जहर दिया है।
अब इनकी सुनिए...
कांठ थानाध्यक्ष संजय कुमार पांचाल का कहना है कि गुरुवार आधी रात के बाद दोनों पक्ष तहरीर लेकर थाने आए थे। इसमें वीर सिंह के भाई की तरफ से महावीर सिंह के विरुद्ध बंधक बनाकर मारपीट करने का मुकदमा लिखा है। उधर, सीओ सिविल लाइन अर्पित कपूर ने बताया कि गुप्ता नर्सिंग होम उनके क्षेत्र में होने के कारण वह अस्पताल गए थे। पता चला है कि इन लोगों का लड़ाई-झगड़ा हुआ था। कांठ थाने में दोनों तरफ से प्रार्थना पत्र आया था। जिसमें वीर सैनी के पक्ष की ओर से केस भी दर्ज किया गया है।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद: सुप्रीम कोर्ट का आदेश लेकर अलीपुर सेशन कोर्ट पहुंची हसीन जहां, जानें पूरा मामला
