कोरोना संक्रमितों का आंकड़ा 42 लाख के करीब, 86 हजार से अधिक नए मामले

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

नई दिल्ली। देश में रविवार देर रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 86 हजार से अधिक नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 42 लाख के करीब पहुंच गया और इसी के साथ भारत पूरे विश्व में दूसरे स्थान पर बरकरार रहा। इस दौरान देश में 969 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकों …

नई दिल्ली। देश में रविवार देर रात तक कोरोना वायरस संक्रमण के रिकॉर्ड 86 हजार से अधिक नए मामले सामने आने से संक्रमितों का आंकड़ा 42 लाख के करीब पहुंच गया और इसी के साथ भारत पूरे विश्व में दूसरे स्थान पर बरकरार रहा। इस दौरान देश में 969 कोरोना मरीजों की मौत से मृतकों की संख्या 71 हजार के पार पहुंच गई।

संक्रमण के मामले में शनिवार तक अमेरिका पहले और ब्राजील दूसरे स्थान पर था। देश में संक्रमितों की कुल संख्या अब 41,97,483 पहुंच गई है। वैश्विक महाशक्ति माने जाने वाले अमेरिका में कोरोना से संक्रमित होने वालों की संख्या 62 लाख को पार कर 62,49,163 पर पहुंच गई है और अब तक 1,88,634 लोगों की इससे जान जा चुकी है।

विश्व में कोरोना वायरस से प्रभावित देशों में दूसरे नंबर पर रहे ब्राजील में अब तक 41,23,000 लोग इससे संक्रमित हो चुके हैं जबकि 1,26,203 लोगों की मौत हो चुकी है। मौत के मामले में ब्राजील अब भी दूसरे स्थान पर है। भारत में कोरोना के बढ़ते कहर के बीच चिंता की बात यह है कि मरीजों के स्वस्थ होने की संख्या में कमी दर्ज की गई। इस दौरान 65,009 लोगों के स्वस्थ होने से संक्रमण मुक्त होने वालों का आंकड़ा 32,42,682 पर पहुंच गया। इसके कारण रविवार को फिर से रिकवरी दर में आंशिक गिरावट दर्ज की गई।

महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और कर्नाटक समेत विभिन्न राज्यों से मिली जानकारी के अनुसार देर रात तक रिकॉर्ड 86,644 नए मामले सामने आने से संक्रमितों का कुल आंकड़ा 42 लाख के करीब पहुंच गया जबकि मृतकों की संख्या 71,648 हो गई है। चिंता की बात यह है कि स्वस्थ होने वाले मरीजों की तुलना में नए संक्रमितों में वृद्धि जारी है जिसके कारण सक्रिय मामलों में बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है। रविवार को 20,210 मरीज बढ़ने से सक्रिय मामलों की संख्या 8,82,530 हो गई।ॉ

देश में सक्रिय मामले 21.04 प्रतिशत और रोगमुक्त होने वालों की दर 77.23 प्रतिशत है जबकि मृतकों की दर 1.70 प्रतिशत है। स्वस्थ होने वाले मरीजों की दर गत दिवस के 77.30 प्रतिशत से घटकर 77.23 फीसदी पर पहुंच गयी। महामारी से सबसे गंभीर रूप से प्रभावित महाराष्ट्र में पिछले 24 घंटों के दौरान संक्रमण के रिकॉर्ड 23,350 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या रविवार रात बढ़कर नौ लाख के पार 9,07,212 पहुंच गई।

राज्य में लगातार दूसरे दिन इतनी संख्या में कोरोना के नए मामले सामने आए हैं। इससे पहले शनिवार को 20,800 नए मामले आए थे जो राज्य में अब तक के सर्वाधिक मामले थे। राज्य में इस दौरान नए मामलों की तुलना में स्वस्थ हुए लोगों की संख्या में भी गिरावट दर्ज की गई तथा इस दौरान 7,826 और मरीजों के स्वस्थ होने से संक्रमण से मुक्ति पाने वालों की संख्या 6,44,400 हो गई है।

राज्य में इस दौरान 328 और मरीजों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 26,604 हो गई है। राज्य में मरीजों के स्वस्थ होने की दर घट कर 71.03 प्रतिशत पर आ गई जो शनिवार को 72.02 फीसदी थी जबकि मरीजों की मृत्यु दर 2.93 फीसदी रह गई। राज्य में रविवार को 15,196 मरीजों की बढ़ोत्तरी दर्ज किए जाने के बाद चिंता बढ़ गई है। राज्य में कोरोना के सक्रिय मामलों की संख्या 2,35,857 पहुंच गयी जो शनिवार को 2,20,661 रही थी।

संबंधित समाचार