गोरखपुर में CM योगी ने दी लाभार्थियों को किस्त की सौगात, कहा - जनता गरीब तो समृद्ध नहीं हो सकता देश
गोरखपुर, अमृत विचार। सीएम योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को 5100 लाभार्थियों को पीएम आवास की किस्तों के रूप में 51 करोड़ 52 लाख रुपये की धनराशि उनके खातों में भेजी। इस मौके पर यूपी सरकार के मंत्री डॉक्टर संजय निषाद और गोरखपुर के सांसद रवि किशन भी मौजूद रहे। सीएम योगी ने कहा कि अगर हमारी जनता गरीब होगी तो हमारा प्रदेश और देश कैसे समृद्ध हो सकता है। सीएम योगी ने कहा कि हमारे पीएम नरेंद्र मोदी का सपना है कि प्रत्येक देशवासी के पास अपना खुद का घर हो, और इस सपने को हमारी सरकार लगातार साकार करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि गोरखपुर में पीएम आवास योजना शहरी में 35 हजार 500 आवास लाभार्थियों को दे दिए गए हैं और लोग उनमें रहने लगे हैं। इसी तरह ग्रामीण इलाकों में 61 हजार 184 पीएम आवास लाभार्थियों को अभी तक दिए गए हैं। सीएम योगी ने कहा कि अभी तक यहां 1 लाख 4000 से ज्यादा पीएम आवास लाभार्थियों को दिए जा चुके हैं।
सीएम योगी ने कहा कि पूर्ववर्ती कांग्रेस, समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की सरकार में नेताओं ने अपनी जेबें भरने का काम किया। हर योजना में पात्रों को नहीं अपने करीबियों और परिवार वालों को तरजीह दी गई। गरीब और गरीब होता चला गया। जबकि पीएम मोदी के नेतृत्व वाली सरकार ने 9 साल में देश की दिशा बदल दी। उन्होंने कहा हमारी सरकार ने रसोई गैस, बिजली कनेक्शन, आवास, पेयजल , चिकित्सा, मुफ्त राशन जैसी मूलभूत सुविधाएं बिना किसी भेदभाव के जनता को दीं।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पहले गोरखपुर की पहचान माफिया और बीमारियां हुआ करती थीं, लेकिन अब गोरखपुर बदल चुका है। अब गोरखपुर में विकास की रफ्तार देखते ही बनती है। यहां फर्टिलाइजर कारखाना, एम्स, स्टेडियम, एक्सप्रेसवे और साफ़-सफाई साबित करता है कि गोरखपुर में विकास लगातार हो रहा है।
ये भी पढ़ें - ज्ञानवापी पर बोले CM योगी - मस्जिद कहना है गलत, कोर्ट करेगा फैसला
