रामपुर : घर के बाहर खेल रहे मदरसे के छात्र का अपहरण, मचा हड़कंप

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

दिल्ली में एक युवक ने छुड़वाकर परिजनों को कराया अवगत, सूचना मिलने के बाद दिल्ली के लिए रवाना हुए परिजन

रामपुर/केमरी, अमृत विचार। घर के बाहर खेल रहे मदरसे के छात्र को कुछ लोग नशा सुंघाकर अपहरण करके ले गए। दिल्ली में एक युवक ने उनके चंगुल से छुड़ाकर परिजनों को जानकारी दी। उसके बाद दिल्ली की रेलवे पुलिस के हवाले कर दिया। बाद में परिजन उसको लेने के लिए रवाना हो गए।  
       
थाना केमरी के मोहल्ला कसाई वाली पाखड़ निवासी सफीकउद्दीन 14 वर्षीय बेटा अब्दुल्ला मदरसे में हिब्ज की पढ़ाई कर रहा है। रविवार को दिन में लगभग 11 बजे अपने दोस्तों के साथ मोहल्ले में ही गौड़ी चौराहे पर खेलने के लिए चला गया था। दोपहर में जब वह घर पर खाना खाने के लिए नहीं आया तो परिजनों को अनहोनी की आशंका हुई। उन्होंने मोहल्ले में कई लोगों से पूछा तो लड़के के बारे में किसी ने कोई उत्तर नहीं दिया। काफी ढूंढने के बाद भी लड़के का अता पता नहीं चला। लड़का गायब होने की खबर से परिजनों में हड़कंप मच गया।

 कस्बे में तरह-तरह की चर्चाएं होने लगीं। घर में महिलाएं फूट-फूट कर रोने लगीं। इतने में ही शाम को लगभग आठ बजे दिल्ली से एक अनजान नंबर से दिलीप नाम के व्यक्ति ने फोन किया, आप अब्दुल्ला के यहां से बोल रहे हैं आपके बच्चे को किडनैपर ले जा रहे थे। यह नशे की हालत में है। आपके बेटे को दिल्ली रेलवे पुलिस के सुपुर्द कर रहा हूं। वहां से इसे ले लेना।

 यह सुनकर परिजनों के होश उड़ गए। उसके बाद उन्होंने सूचना पर तुरंत ही दिल्ली में रहकर जॉब कर रहे  छात्र के ममेरे चाचा एजाज अहमद को इस बारे में जानकारी दी। जिसके बाद तुंरत दिल्ली रेलवे पुलिस के पास रात में दो बजे ही पहुंच गए। उसे अपने साथ अपने घर ले गए। सोमवार सुबह होते ही छात्र के पिता उसे लेने के लिए इंटरसिटी ट्रेन से दिल्ली रवाना हो गए। थाने में किसी प्रकार की तहरीर परिजनों ने नहीं दी है।

किशोर के अपहरण करके ले जाने की जानकारी अभी तक परिजनों की ओर से नहीं मिली है। अगर, ऐसा कुछ हुआ है तो आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। - हरिओम चौहान, केमरी थाना प्रभारी।

ये भी पढ़ें:- संभल: विद्युत उपकरणों में प्रवाहित करंट से मासूम सहित तीन की मौत

संबंधित समाचार