मुरादाबाद : व्यापारी कुशांक गुप्ता हत्याकांड के आरोपी पर पुलिस ने लगाया रासुका
मुरादाबाद, अमृत विचार। व्यापारी कुशांक गुप्ता हत्याकांड में रामपुर जिला कारागार में निरुद्ध आरोपी पूर्व ब्लॉक प्रमुख भाजपा नेता ललित कौशिक के विरुद्ध पुलिस ने राष्ट्रीय सुरक्षा कानून (एनएसए) की कार्रवाई कर दी। आदेश पत्र पर रामपुर जिला कारागार जाकर सिविल लाईंस पुलिस ने जेल अधीक्षक को तामील करा दिया।
स्पोर्ट्स व्यापारी कुशांक गुप्ता की ताबड़तोड़ फायरिंग कर हत्या करने के मामले में सिविल लाइन थाने में केस दर्ज है। प्रकाश में आए हमलावरों में ललित कौशिक, केशव शरन शर्मा व खुशवंत सिंह उर्फ भीम जेल में हैं। अभियुक्त ललित कौशिक माफिया है। इसके ऊपर हत्या, लूट, रंगदारी, आर्म्स एक्ट व गैंगस्टर आदि के 15 मामले दर्ज हैं। ललित कौशिक के विरुद्ध सिविल लाइन थाने में पॉक्सो एक्ट का भी मामला दर्ज है। यह अपने गैंग के सदस्यों के साथ मिलकर सड़क सरेआम कुशांक गुप्ता को गोलियों से छलनी किया था।
कुशांक हत्याकांड से घटना स्थल के आस-पास व जिले की लोक व्यवस्था छिन्न-भिन्न हो गयी थी। स्थिति को सामान्य करने के लिए पुलिस को काफी प्रयास करना पड़ा था। घटना की संवेदनशीलता व अभियुक्तों की तरफ से की गई घटना से समाज में कानून व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। कुशांक की हत्या 12 जनवरी 2022 को पॉश इलाके में रामगंगा विहार में उसकी स्पोर्ट्स की दुकान में घुसकर की गई थी। ये वारदात काफी सनसनीखेज थी। युवा व्यापारी कुशांक गुप्ता की दुस्साहसिक अंदाज में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। हत्यारों ने कुशांक के सिर में सटाकर गोली मारी थी।
बताया जाता है कि कुशांक की हत्या ललित कौशिक ने अपने भरोसेमंद शूटर केशव शर्मा से कराई थी। वारदात में कौशिक के साथियों खुशवंत सिंह उर्फ भीम और विकास शर्मा ने भी मदद की थी। वारदात से पहले ललित कौशिक और कुशांक गुप्ता का आपस में कुछ विवाद हुआ था। ललित कौशिक ने हथियार से लैस होकर अपने साथियों से दुकान पर जाकर कुशांक को धमकाया भी था। कुशांक ने इस मामले में ललित कौशिक के विरुद्ध केस भी दर्ज कराया था। गिरफ्तारी के लिए कुशांक ने अपनी दुकान पर ही आमरण अनशन भी किया था।
ये भी पढ़ें : मुरादाबाद : आजादी आंदोलन में अमर सिंह को दो वर्ष की जेल, 100 रुपये जुर्माना
