दिन में रेकी, रात में करता हाथ साफ, चोरी का दसवां भाग धर्म के नाम पर करता खर्च, अजब-गजब है कानपुर के चोर की कहानी
कानपुर पुलिस ने चोरी करने वाले आरोपी को किया गिरफ्तार।
कानपुर शहर में घूम-घूमकर चोरी करने वाले शातिर को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। आरोपी दिन में रेकी करने के बाद रात में घरों में चोरी करता था।
कानपुर, अमृत विचार। शहर भर में चोरी की वारदातें करके पुलिस को छकाने वाले शातिर चोर को चकेरी पुलिस ने दबोच लिया है। उसके पास से बड़ी मात्रा में चोरी का माल बरामद हुआ है। शातिर चोर अकेले ही चोरी की घटनाओं को अंजाम देता था। दिन में पहले पहले वह रेकी करता था, इसके बाद रात को अपना निशाना बनाता था।
डीसीपी पूर्वी ने घटना का खुलासा करते हुए बताया कि एक संदिग्ध व्यक्ति जेके चौराहे की ओर से आता हुआ दिखा। पुलिस के टोकने पर वह भागने लगा। जिस पर पुलिस ने उसे दौड़ाकर दबोच लिया। पकड़े गए व्यक्ति ने अपना नाम मोहम्मद विक्की निवासी राजीव नगर मछरिया थाना नौबस्ता बताया। उसने बताया कि वह मूलरूप से ग्राम सासूती थाना दुरसड़ा जिला दतिया मध्य प्रदेश का है।
पकड़े जाने के दौरान उसके बैग से 3,24,000 रुपये व एक्सिस बैंक के खाता की चेक बुक व एक चेन बरामद हुई। मोहम्मद विक्की ने बताया कि पांच-छह दिन पहले उसने कूलर और जनरल मर्चेन्ट की दुकान शिवकटरा लाल बंगला की शटर के ताले को काटकर दुकान में रखे नगदी चेन आदि चोरी किया था। वहीं चोरी का सामान लेकर पत्नी के पास जा रहा था।
डीसीपी ने बताया कि सीसीटीवी की फुटेज में कैद शातिर का चेहरा मोहम्मद विक्की का ही था। उसने पुलिस को बताया कि चकेरी से चोरी किए गए सभी माल को पुलिस ने बरामद कर लिया। वहीं उसने केवल 6000 रुपये खर्च किए।
माल का कुछ हिस्सा धर्म पर करता था खर्च
मो विक्की ने पुलिस को बताया कि चोरी करके पाप तो करता ही हूं, इसलिए चोरी किए हुए प्रत्येक माल में से लगभग दसवां भाग धर्म के नाम पर अलग रख लेते हैं। जिसे धर्म के नाम पर पूजा-पाठ आदि में दान कर देते हैं। जो तीन हजार रुपए बरामद हुए हैं, यह रुपये इसी वर्ष के 13 अप्रैल को आर्य समाज मंदिर गोविंद नगर के पास आईसक्रीम पार्लर से चोरी किया था। जिसमें 20 से 22 हजार रुपए थे।
विक्की ने बताया कि जो दूसरी पन्नी में रखे ढाई हजार रुपये बैग से मिले वह जूही के पंडित जनरल स्टोर से चोरी किए थे। शातिर ने यह भी बताया कि 18-19 दिन पहले न्यू फेमिली रेस्टोरेंट ई-ब्लॉक किदवई नगर से चोरी की थी जिसमें 800 रुपये माल मिला था। गिरफ्तार करने वाली टीम में चकेरी पऱभारी निरीक्षक अशोक कुमार दुबे उप निरीक्षक आदेश कुमार, हे कां विनोद सिंह, आरक्षी बृजेन्द्र कुमार, धर्मेन्द्र तिवारी, गौरव यादव शामिल रहे।
