Banda: तालाब में डूबा साधु, गोताखोरों ने निकाला शव, परिजनों में मची चीख-पुकार, कमलगट्टा तोड़ने में हुई घटना
बांदा में तालाब में डूबे साधु का मिला शव।
बांदा में पूजा के लिए तालाब में घुसकर कमलगट्टा तोड़ने गया वृद्ध गहरे पानी में समा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना से परिजनों में चीख-पुकार मच गई।
बांदा, अमृत विचार। पूजा के लिए तालाब में घुसकर कमलगट्टा तोड़ने गया वृद्ध गहरे पानी में समा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे ग्रामीणों और गोताखोरों ने करीब 20 घंटे के बाद वृद्ध का शव पानी से बाहर निकाला। शव देखते ही घरवालों में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
कोतवाली क्षेत्र के थरथुवा गांव निवासी शंकर पटेल (60) साधु वेशधारी था। सोमवार की दोपहर गांव के केवड़ा तालाब पर नहाने गया था। नहाने के बाद वह पूजा के लिए कमलगट्टा तोड़ने लगा। इसी बीच पैर फिसल जाने से वह गहरे पानी में समा गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। काफी देर बाद जब वह घर नहीं पहुंचा तो परिजनों ने उसकी खोजबीन की। खोजते हुए परिजन तालाब पहुंच गए। वहां पर उसके जूते और कपड़े उतरे हुए थे। मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों ने उसकी खोजबीन की। लेकिन पता नहीं चला। पुलिस ने मरका से गोताखोरों को बुलवाकर खोजबीन कराई। करीब 20 घंटे बाद शंकर का शव पानी से बाहर निकाला गया। शव देखते ही परिजनों में चीखपुकार मच गई। मृतक साधु वेशधारी था। उसके तीन पुत्र और दो पुत्रियां हैं। पत्नी मुन्नी का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
