Kanpur Dehat : ओपीडी में हर चौथा मरीज आई फ्लू का शिकार, गांवों में फैली बीमारी, लगातर बढ़ रही मरीजों की संख्या
कानपुर देहात में ओपीडी में हर चौथा मरीज आई फ्लू का शिकार।
कानपुर देहात में ओपीडी में हर चौथा मरीज आई फ्लू का शिकार है। वहीं, राजपुर पीएचसी में एक हजार आई फ्लू मरीजों का इलाज भी हो चुका है।
कानपुर देहात, अमृत विचार। बरसात में गंदगी व जलभराव के कारण तेजी से फैले आई फ्लू ने सैकड़ों लोगों को चपेट में ले लिया है। राजपुर पीएचसी की ओपीडी में आई फ्लू के मरीज बड़ी संख्या में पहुंच है। लगभग हर चौथा रोगी आंखों में संक्रमण की चपेट में है।
राजपुर प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की ओपीडी में मौजूदा समय में एक सैकड़ा से अधिक मरीज हर रोज पहुंच रहे हैं। जिसमें एक चौथाई आई फ्लू से पीड़ित हैं। अभी तक अस्पताल में ही एक हजार से अधिक आई फ्लू के मरीज इलाज को आ चुके हैं। जिसमें बड़ी संख्या में बच्चे भी शामिल हैं। मंगलवार को राजपुर पीएचसी की ओपीडी में 168 रोगियों में 111 लोग आई फ्लू से पीड़ित पहुंचे। पीएचसी प्रभारी डॉ. अरुणेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि बारिश के बाद गंदगी से आई फ्लू का प्रकोप अधिक बढ़ा है। लगातार पीड़ितों की संख्या बढ़ती जा रही है।
उन्होंने आंखों में किसी भी तरह के संक्रमण पर तत्काल चिकित्सकीय परामर्श लेने की हिदायत दी है। साथ ही लोगों को खुद से किसी दवा का इस्तेमाल नहीं करने की भी सलाह दी है। वहीं दूसरी ओर स्कूलों में बड़ी संख्या में छात्र भी आई फ्लू का शिकार हो रहे हैं। इसे देखते हुए शिक्षकों ने भी बच्चों को जागरूक करना शुरू कर दिया है। साथ ही संक्रमित बच्चों को स्कूल न आने और आवश्यक एहतियात बरतने की हिदायत दी जा रही है।
