वाराणसी : 18 लाख से अधिक बच्चों को खिलायी जायेगी पेट के कीड़े निकालने की दवा
राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 अगस्त को, 17 को होगा मॉप अप राउंड
वाराणसी, अमृत विचार। राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस 10 अगस्त को मनाया जाएगा। जिले में एक से 19 साल के 18 लाख से अधिक बालक-बालिकाओं को पेट के कीड़े निकालने की दवा एल्बेंडाजोल खिलाई जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संदीप चौधरी ने अभियान की सफलता को लेकर मंगलवार को बैठक की।
बैठक में सीएमओ ने कहा कि जनपद में 10 अगस्त को 18 लाख से अधिक बच्चों को पेट के कीड़े निकालने की दवा खिलाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसे हर हाल में पूरा करने की कोशिश की जायेगी। उन्होंने कहा कि इसमें एक से पांच साल तक के सभी पंजीकृत बच्चों के साथ ही छह से 19 साल तक के स्कूल जाने वाले सभी बालक-बालिकाओं को उनके विद्यालय में दवा खिलायी जायेगी। इसमें सभी सरकारी सहायता प्राप्त, प्राइवेट स्कूलों, मदरसों में शिक्षकों से दवा खिलाने में सहयोग लिया जायेगा। अभियान में उन बच्चों को भी दवा खिलायी जायेगी जो स्कूल नहीं जाते है। साथ ही ईंट-भट्ठों पर कार्य करने वाले श्रमिकों के बच्चों को भी आंगनबाड़ी केंद्रों पर दवा खिलाई जाएगी।
अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी व कार्यक्रम के नोडल अधिकारी डॉ. संजय राय ने बताया कि राष्ट्रीय कृमि मुक्ति दिवस दस अगस्त को दवा खाने से छूट गये बच्चों के लिए 17 अगस्त को मॉप अप राउंड आयोजित होगा। इसमें छूटे हुए बच्चों को भी दवा से आच्छादित कर लक्ष्य को शत-प्रतिशत पूरा करने का प्रयास किया जायेगा। उन्होंने कहा कि पेट में कीड़े होने से बच्चे कुपोषित हो जाते हैं। उनमें खून की कमी हो जाती है, जिसके कारण बच्चे कमजोर होने लगते हैं। अभिभावकों को चाहिए कि बच्चों को इस परेशानी से बचाने के लिए कीड़े निकालने की दवा उन्हें जरूर खिलाएं।
बैठक में डॉ एके मौर्या, डॉ एचसी मौर्या, समस्त अधीक्षक/ प्रभारी चिकित्सा अधिकारी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी, डीसीपीएम, जिला समन्वयक आशीष अग्रवाल के अलावा बीसीपीएम, बाल विकास परियोजना अधिकारी व खण्ड शिक्षा अधिकारी शामिल रहे।
ये भी पढ़ें -हरदोई में बीच सड़क जाम छलकाते दो युवक गिरफ्तार, वायरल वीडियो पर पुलिस ने की कार्रवाई
