लालफाटक ओवरब्रिज पर लाइटें लगाने में आ रही अड़चनें हुईं दूर, ग्राम पंचायत को सौंपी जिम्मेदारी
डीएम ने क्यारा ग्राम पंचायत को सौंपी देखरेख और बिजली बिल भुगतान की जिम्मेदारी
बरेली, अमृत विचार। लंबे समय से लाल फाटक ओवरब्रिज पर लाइटें लगाने में आ रहीं अड़चनें आखिरकार दूर हो गई हैं। डीएम ने लाइटों की देखरेख और बिजली बिल के भुगतान की जिम्मेदारी क्यारा ग्राम पंचायत को सौंपी है। साथ ही बीडीओ को इसकी देखरेख का जिम्मा दिया है। देखरेख और बिजली बिल भुगतान का मामला निपटने के बाद सेतु निगम ने ओवरब्रिज पर लाइटें लगाने की प्रक्रिया तेज कर दी है। जल्द ही ओवरब्रिज रोशनी से जगमग होगा।
लाल फाटक ओवरब्रिज को चालू हुए कई महीने बीत चुके हैं लेकिन अब तक इस पर लाइटें नहीं लग सकी हैं, इससे रात में आवागमन में दिक्कत होती है। हादसे का डर भी बना रहता है। प्रशासन सेतु निगम से पुल पर लाइटें लगाने को कह रहा था लेकिन सेतु निगम के अफसर इसकी देखरेख और बिजली बिल भुगतान के लिए किसी विभाग के नामित न होने पर लाइटें लगाने से पीछे हट रहे थे।
एक बैठक में यह मामला कमिश्नर सौम्या अग्रवाल के सामने आया तो उन्होंने डीएम और सीडीओ को इसका हल निकालने के निर्देश दिए लेकिन इसके बाद विभाग नामित करने में समय लग गया। डीएम ने कई बार डीपीएम यांत्रिक देवम वर्मा को बुलाकर इस मसले पर बात भी की।
हाल ही में डीएम शिवाकांत द्विवेदी ने क्यारा बीडीओ को निर्देशित करते हुए कहा कि ओवरब्रिज पर लगने वाली लाइटों की देखरेख और बिल का भुगतान क्यारा ग्राम पंचायत से कराया जाए। साथ ही सेतु निगम को आदेश दिए हैं कि वह जल्द से जल्द ओवरब्रिज पर लाइटें लगाने की व्यवस्था करें।
लालफाटक ओवरब्रिज पर लाइटें लगाने की कुछ प्रक्रिया पहले ही पूरी हो गई थी। देखरेख और बिल के भुगतान को लेकर मामला फंसा था। डीएम ने समस्या का हाल निकाल दिया है। धन आंवटन के लिए सीपीएम को पत्र लिखा जा रहा है। जल्द ही लाइटें लगा दी जाएंगी--- देवम वर्मा, डीपीएम यांत्रिक सेतु निगम।
यह भी पढ़ें- नूंह हिंसा को लेकर हुड्डा ने जताई चिंता, शांति-भाईचारा बनाए रखने की अपील
