संभल: दो गांवों में बिना अनुमति धर्मस्थल निर्माण पर तनातनी, 10 गिरफ्तार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

संभल, अमृत विचार। जनपद के सदर कोतवाली इलाके में 31 साल पुराने समझौते का उल्लंघन कर एक समुदाय के लोगों ने विवादित धर्मस्थल में निर्माण शुरू किया तो गांव में साम्प्रदायिक विवाद के हालात बन गये। इस मामले में 10 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने मौके से चार को गिरफ्तार कर लिया। वहीं हयातनगर क्षेत्र में भी विवादित धर्मस्थल पर निर्माण से विवाद हुआ तो पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर छह लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

कोतवाली क्षेत्र के चिमयावली गांव में दोनों ही 1992 में एक समुदाय के लोगों द्वारा धर्मस्थल  निर्माण को लेकर साम्प्रदायिक विवाद हो गया था। बाद में पुलिस प्रशासन की मध्यस्थता में दोनों समुदाय के बीच समझौता हुआ था कि धर्मस्थलों में यथास्थिति रहेगी और कोई भी समुदाय धर्मस्थल में अब निर्माण नहीं करेगा।

मंगलवार को एक समुदाय के लोगों ने विवादित खजूर वाली मस्जिद में निर्माण शुरु कर एक दीवार बना ली। इसका दूसरे समुदाय के लोगों ने विरोध किया तो विवाद हो गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने निर्माण कार्य रुकवा दिया।

इस मामले में ग्रामीण सत्यपाल सिंह की और से दर्ज मुकदमें के आधार पर मस्जिद के इमाम हाफिज मुअज्जम निवासी लालू वारा थाना मैनाठेर जनपद मुरादाबाद के साथ ही चिमयावली निवासी असलम,हनीफ व शराफत को गिरफ्तार कर लिया। कोतवाल ओमकार सिंह ने बताया कि गांव में पूरी तरह शांति व्यवस्था कायम है।

...हयातनगर में विवादित धर्मस्थल का निर्माण रुकवाया
संभल। हयातनगर थाना क्षेत्र के रसूलपुर गांव में एक साल पहले हुए समझौते का उल्लंघन कर विवादित धर्मस्थल पर निर्माण को लेकर विवाद के हालात बन गये। मौके पर पहुंची पुलिस ने मौके से इमाम सहित छह लोगों को गिरफ्तार कर निर्माण कार्य रुकवा दिया।


रसूलपुर गांव में एक साल पहले धर्मस्थल निर्माण को लेकर दोनों समुदाय के लोगों के बीच विवाद के बाद पुलिस प्रशासन ने गांव में बिना प्रशासनिक अनुमति के किसी भी समुदाय द्वारा धर्मस्थल निर्माण पर रोक लगा दी थी।

मंगलवार को मुस्लिम समुदाय के लोगों ने अपने धर्मस्थल में निर्माण शुरु कर दिया। दूसरे समुदाय के लोगों के विरोध पर विवाद के हालात बने तो पुलिस ने मौके पर पहुंचकर हालात संभाले। पुलिस ने धर्मस्थल पर हो रहा निर्माण कार्य रुकवाकर निर्माण करा रहे पांच लोगों को गिरफ्तार कर लिया।

थाना प्रभारी करम सिंह पाल ने बताया कि रसूलपुर गांव में बिना अनुमति धर्मस्थल निर्माण को लेकर उप निरीक्षक रविंद्र कुमार सिंह की और से मुकदमा दर्ज करने के बाद नामजद आरोपी  मोहम्मद तौकीर निवासी मासूमपुर थाना ठाकुरद्वारा जनपद मुरादाबाद के साथ ही यामीन,शराफत,शकील,रसीद,मोहम्मद उमर व फरमान निवासी रसूलपुर सहित सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया।

संबंधित समाचार