बरेली: एंबुलेंस में गर्भवती की हुई डिलीवरी, जच्चा बच्चा सुरक्षित

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बरेली, अमृत विचार। एंबुलेंस में सोमवार को अस्पताल ले जाते हुए एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। एम्बुलेंस से सीएचसी ले जाते हुए महिला को प्रसव पीड़ा हुई थी, जिसके बाद मेडिकल तकनीशियन ने आशा की मदद से डिलीवरी कराई। जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें भमोरा में अस्पताल मे भर्ती कराया …

बरेली, अमृत विचार। एंबुलेंस में सोमवार को अस्पताल ले जाते हुए एक गर्भवती महिला ने बच्चे को जन्म दिया। एम्बुलेंस से सीएचसी ले जाते हुए महिला को प्रसव पीड़ा हुई थी, जिसके बाद मेडिकल तकनीशियन ने आशा की मदद से डिलीवरी कराई। जच्चा बच्चा दोनों सुरक्षित हैं और उन्हें भमोरा में अस्पताल मे भर्ती कराया गया है।

ब्लॉक आलमपुर जफराबाद क्षेत्र के गांव बनारा निवासी श्रीवती पत्नी अमरजीत (26) को प्रसव पीड़ा हुई। जिस पर परिजनों ने आकस्मिक सेवा के तौर पर सरकारी 102 एंबुलेंस को फोन करके बुलाया। सूचना के मात्र चंद मिनट में एंबुलेंस गांव पहुंच गई। एंबुलेंस चालक और इमरजेंसी मेडिकल तकनीशियन (ईएमटी) अजय कुमार उसे भमोरा सामुदायिक केंद्र पर भर्ती करने के लिए लेकर चले।

भमोरा सामुदायिक केंद्र पर ले जाते समय रास्ते में ही महिला की हालत बिगड़ने लगी। एंबुलेंस को सड़क किनारे खड़ा करके गाड़ी पर तैनात अजय कुमार ने आशा की मदद से अपनी सूझबूझ का परिचय देते हुए गाड़ी में ही उसकी डिलीवरी करा दी। प्रसव के उपरांत जच्चा-बच्चा की जान बचा ली गई और बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भमौरा में जच्चा बच्चा को भर्ती कराया। इस पूरे घटनाक्रम के बाद परिजनों ने राहत की सांस ली। उन्होंने एंबुलेंस स्टाफ को दुआएं दीं। पूरा मामला दिनभर चर्चा का केंद्र बना हुआ है।

संबंधित समाचार