बरेली: दो गुना से अधिक बढ़ गए मलेरिया के मरीज, विभाग बेखबर...

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले में लगातार बढ़ रहे मलेरिया के नए मामले, पिछले वर्ष जुलाई में थे सिर्फ 310 मरीज

बरेली, अमृत विचार। बारिश में मच्छर जनित रोग तेजी से फैल रहे हैं। जिले में पिछले वर्ष की तुलना में मलेरिया के दो गुना रोगी बढ़ गए हैं, मगर कागजों में संचारी रोग पर नियंत्रण करने की कोशिश की जा रही है। शहर से लेकर गांवों में मच्छरों के लार्वा पनप रहे हैं। इनको नष्ट करने के लिए टीमें लगाई गई हैं, मगर वे कहां काम कर रही हैं, जिम्मेदारों को पता ही नहीं।

आंकड़ों के अनुसार पिछले वर्ष जुलाई के अंत तक जिले में 310 मलेरिया रोगी सामने आए थे, लेकिन इस वर्ष अब तक यह आंकड़ा 711 के पार पहुंच चुका है। जनवरी से अब तक जिले में 14 मरीजों में डेंगू की पुष्टि हो चुकी है। दो माह पूर्व विभाग की ओर से जिले में संचारी रोग नियंत्रण अभियान चलाने को 3200 टीमों का गठन किया गया था, लेकिन ये टीमें कहां काम कर रही हैं, विभागीय अफसरों को इसकी जानकारी नहीं है।

बारिश के बाद मच्छरों के लार्वा के लिए अनुकूल माहौल
पिछले साल इन्हीं दिनों में मलेरिया विभाग की टीमें जिले में सक्रिय हो गई थीं। घर-घर जाकर लोगों को मलेरिया से बचाव के लिए जागरूक करना शुरू कर दिया गया था।

दरअसल, बारिश के बाद मलेरिया का प्रकोप बढ़ जाता है। जिन स्थानों पर पानी जमा हो जाता है, वहां मच्छरों के लार्वा पनपने लगते हैं। इस वक्त बारिश के बाद शहर से लेकर गांवों में लार्वा के पनपने का अनुकूल माहौल बन चुका है। इस समय लार्वा को आसानी से नष्ट किया जा सकता है, लेकिन जिम्मेदार जाग ही नहीं रहे हैं।

यह भी पढ़ें- बरेली: मरीजों को मिली राहत, डायलिसिस यूनिट में अब एक साथ 10 लोग करा सकेंगे इलाज

संबंधित समाचार