अयोध्या : डाक्टरों से मारपीट में भाजपा नेता के भाई व बेटे भेजे गए जेल

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

बुधवार को मरीज को दिखाने के दौरान हुई मारपीट व हंगामा

अयोध्या, अमृत विचार। जिला अस्पताल में चिकित्सकों से हुई मारपीट के मामले में पुलिस ने नामजद भाजपा नेता के भाई और बेटे समेत तीन का चालान किया है। जिला अस्पताल में मेडिकल परीक्षण के बाद पुलिस ने तीनों को अदालत के समक्ष प्रस्तुत किया और अदालत नें तीनों को न्यायिक अभिरक्षा में लेकर मंडल कारागार भिजवाया है। विवाद के बाद से ही पुलिस तीनों को हिरासत में लेकर पूछताछ में जुटी थी। मामले में दूसरे पक्ष ने भी चिकित्सकों के खिलाफ शिकायत दी थी, लेकिन अभी उनकी शिकायत पर कोई रिपोर्ट दर्ज नहीं हुई है।
   
बुधवार को सुबह अपने भाई बिजनेश मिश्र निवासी मोहतसिमपुर थाना पूराकलंदर को दिखाने जिला अस्पताल आए पूराबाजार भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष और वर्तमान प्रभारी दिनेश मिश्र के भाई अजय मिश्र से डॉक्टरों से विवाद और मारपीट हुई थी। मारपीट के बाद कामकाज ठप कर डाक्टर, फार्मासिस्ट और पैरामेडिकल स्टाफ नें इमरजेंसी के सामने धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया था। चार घंटे तक इमर्जेंसी छोड़ शेष स्वास्थ्य सेवाएं बाधित रहीं।

बाल रोग चिकित्सक डॉ अनिल वर्मा की तहरीर पर भाजपा नेता दिनेश मिश्रा उनके दोनों भाई अजय मिश्रा और बिजनेश कुमार मिश्रा और बेटे हिमांशु मिश्रा के खिलाफ कई गंभीर धाराओं में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद चिकित्सा कर्मी काम पर लौटे थे। गुरुवार को नगर कोतवाली पुलिस ने हिरासत में लिए गए भाजपा नेता के दोनों भाई और बेटे को गिरफ्तार कर चालान कर दिया। नगर कोतवाली अश्विनी कुमार पांडेय ने बताया कि दूसरे पक्ष की शिकायत की विवेचना और जांच कराई जा रही है।

दिन भर दोनों पक्ष पेशबंदी में रहे जुटे
जिला अस्पताल में हुई मारपीट को लेकर दोनों पक्ष दिन भर पेशबंदी में जुटे रहे। पक्षों ने डीएम और एसएसपी से मुलाकात की। पीएमएस संघ के अध्यक्ष डॉ आशाराम के नेतृत्व में चिकित्सकों ने घायल डाॅ अनिल कुमार वर्मा, डा फुजेल अहमद अंसारी को व्यक्तिगत सुरक्षा प्रदान करने, घटना की पुनरावृत्ति रोकने के लिए इमरजेन्सी व ओपीडी में 24 घंटे उप निरीक्षक की तैनाती तथा नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की। प्रतिनिधिमंडल में डाॅ नानक सरन, सचिव विपिन वर्मा समेत अन्य चिकित्सक शामिल रहे। वहीं भाजपा के महानगर अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा के साथ पूर्व जिलाध्यक्ष अवधेश पांडेय बादल, ओम प्रकाश सिंह तथा परमानंद मिश्र आदि ने भी पुलिस प्रशासन के अधिकारियों से मुलाकात की तथा चिकित्सकों पर उपचार देने में आनाकानी तथा मारपीट की शिकायत पर रिपोर्ट दर्ज कराने तथा पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग रखी। सिविल लाइन स्थित पुराने कार्यालय पर पूर्व मेयर ऋषिकेश उपाध्याय की मौजूदगी में बैठक हुई और शुक्रवार की सुबह आईजी से मुलाकात का निर्णय लिया गया।

ये भी पढ़ें -लखनऊ : केजीएमयू में हादसा, चौथी मंजिल से गिरा बच्चा, हालत गंभीर

संबंधित समाचार