संभल: गोवंश की मृत्यु के मामले में सचिव व पशुधन प्रसार अधिकारी निलंबित, केयरटेकर पर एफआईआर
जिलाधिकारी ने बहजोई के एडीओ पंचायत को दी प्रतिकूल प्रविष्टि, प्रधान के खिलाफ नोटिस जारी, चौपा की गोशाला में कई गोवंश की हुई थी जहरीले पदार्थ के सेवन से मौत
बहजोई (संभल), अमृत विचार। बहजोई की गांव पंचायत चोपा शोभापुर की गोशाला में चारे में जहरीले पदार्थ से कई गोवंश की मौत के मामले में जिलाधिकारी मनीष बंसल ने ग्राम पंचायत सचिव व पशुधन प्रसार अधिकारी को निलंबित कर दिया है। केयर टेकर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है। एडीओ पंचायत को प्रतिकूल प्रविष्टि व ग्राम प्रधान के खिलाफ नोटिस जारी किया है।
एक अगस्त को ग्राम पंचायत चोपा शोभापुर स्थित गोशाला में चारा खाने के बाद कई गोवंश की मौत हो गई थी। इस मामले में जिलाधिकारी ने जांच बैठाई थी। चारा जांच को भेजा गया तो पता चला कि चूहे मार दवा जैसा कोई जहरीला पदार्थ चारे में मिलाया था। इसके सेवन से पशुओं की मौत हुई। अब डीएम मनीष बंसल ने चोपा शोभापुर गांव के पंचायत सचिव सुभाष कुमार व पशुधन प्रसार अधिकारी अनिल कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
बहजोई के एडीओ पंचायत गुरदयाल सिंह को प्रतिकूल प्रविष्टि दी है। ग्राम प्रधान को डीपीआरओ की ओर से अपने दायित्व का निर्वहन न करने को लेकर नोटिस जारी किया गया है। इस मामले में केयरटेकर की भूमिका संदिग्ध मानते हुए उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई गई है।
गुन्नौर, पंवासा व जुनावई के बीडीओ का रोका वेतन
बहजोई। जिलाधिकारी मनीष बंसल ने चौपा शोभापुर की गोशाला में गोवंश की मृत्यु के बाद जनपद भर के बीडीओ, एडीओ व अन्य जिम्मेदारों को निर्देश जारी किए हैं। कहा है कि गोशाला के उचित प्रबंधन में किसी प्रकार की लापरवाही उजागर हुई तो एडीओ पंचायत, खंड विकास अधिकारी व अन्य जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। छुट्टा पशुओं को लेकर लापरवाही पर डीएम ने पंवासा, गुन्नौर व जुनावई के खंड विकास अधिकारियों का वेतन रोका है।
ये भी पढ़ें:- मुरादाबाद: जिलाधिकारी ने धीमी कार्य प्रगति पर जताई नाराजगी, कैंप कार्यालय पर जल जीवन मिशन की बैठक
