Chitrakoot: पाकिस्तानी नागरिकों के जिले में शरण लेने का मामला, एसपी बोली- मूल कागजातों के अभाव में तथ्यों की हो रही जांच
पाकिस्तानी नागरिकों के जिले में शरण लेने का मामला।
पाकिस्तानी नागरिकों के जिले में शरण लेने का मामला। एसपी वृंदा शुक्ला ने बताया कि मूल कागजातों के अभाव में तथ्यों की जांच हो रही।
चित्रकूट, अमृत विचार। पाकिस्तानी नागरिकों के चित्रकूट में शरण लेने के मामले में पुलिस का आधिकारिक बयान आया है। पुलिस अधीक्षक वृंदा शुक्ला का कहना है कि पूरे मामले की जानकारी लखनऊ मुख्यालय को दे दी गई है। बताया कि मूल कागजातों के अभाव में इनके द्वारा बताए गए तथ्यों की जांच गहनता से की जा रही है।
गौरतलब है कि करांची (पाकिस्तान) से बीते दिनों दो हिंदू परिवार चित्रकूट आए हैं। इनका कहना था कि ये आर्थिक तंगी से परेशान होकर पाकिस्तान से आए हैं। इन्होंने पाकिस्तान में हिंदुओं से दुर्व्यवहार की बात भी बताई थी। यहां शिवरामपुर चौकी क्षेत्र के संग्रामपुर में एक समाजसेवी ने इनके रहने खाने की मदद की। बताया कि ये लोग काम की तलाश में यहां आए हैं।
उधर, पुलिस ने इस संबंध में तथ्यों की जांच की बात कहकर अनुरोध किया था कि तब तक न तो कोई समाचार प्रकाशित किया जाए और न सोशल मीडिया में कोई पोस्ट की जाए। शनिवार को पुलिस अधीक्षक ने इस संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि चार अगस्त को 15 पाकिस्तानी नागरिकों का यहां आना हुआ। ये दिल्ली से ट्रेन से यहां आए हैं।
इन्होंने बताया कि ये सभी हिंदू हैं और एक स्थानीय व्यक्ति की मदद से यहां पहुंचे हैं। एसपी ने बताया कि ये दो परिवार हैं। इनके बताने के अनुसार, एक परिवार का पिछले साल और एक का इस साल भारत आना हुआ है। एक परिवार का वीजा खत्म हो चुका है और दूसरे परिवार का भी कुछ दिन में खत्म होने वाला है। इन लोगों ने बताया कि भारत में रहने के लिए उन्होंने लांग टर्म वीजा के लिए आवेदन किया है।
कागजातों के अभाव में इनकी बताई बातों की गहनता से जांच की जा रही है और इसकी सूचना मुख्यालय लखनऊ को देकर आगे के लिए दिशानिर्देश मांगे गए हैं। तब तक के लिए इन सभी को संग्रामपुर के पंचायत भवन में ठहराया गया है।
