अब Unnao जंक्शन पर बहेगा अमृत, PM Modi ने स्टेशन का वर्चुअली शिलान्यास किया, बोले- रेल का विकास जरूरी

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

पीएम मोदी ने उन्नाव जंक्शन स्टेशन का वर्चुअली शिलान्यास।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के चयनित अमृत स्टेशनों में शामिल उन्नाव जंक्शन स्टेशन पर होने वाले विकास कार्यों का वर्चुअली शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष का एक धड़ा न तो काम करना चाहता है और ना ही करने देना चाहता है।

उन्नाव, अमृत विचार। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश के चयनित अमृत स्टेशनों में शामिल उन्नाव जंक्शन स्टेशन पर होने वाले विकास कार्यों का वर्चुअली शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि विपक्ष का एक धड़ा न तो काम करना चाहता है और ना ही करने देना चाहता है। इसीलिए आजादी के बाद करीब 50 वर्षों से अधिक समय तक देश का अपेक्षित विकास नहीं हो सका।

उन्होंने कहा रेल भारतीयों की लाइफ लाइन है। इसलिए उनकी सरकार रेल को विकसित बनाते हुए सभी खास-ओ-आम को सुलभ व सुविधाजनक यात्रा की उपलब्धता करा रही है। साथ ही डेडीकेटेड फ्रेट कॉरिडोर के माध्यम से उद्यमियों, कारोबारियों व किसानों के उत्पाद देश के एक से दूसरे कोने तक 72 के बजाए 24 घंटे में पहुंचाना सुनिश्चित किया जा रहा है।

अमृत स्टेशन के पुनर्निर्माण में विरासत को संजोते हुए स्थानीय संस्कृति का समावेश होगा। साथ ही अगले 50 वर्षों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए विकास कार्य कराने की संकल्पना है। यह स्टेशन शहरों के दोनों छोरों को जोड़ने वाले के सिटी सेंटर होंगे। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2030 तक नार्थ ईस्ट में रेल नेटवर्क को जन-जन तक पहुंचाने के प्रयास शुरू किए जा चुके हैं। सभी स्टेशनों को ग्रीन इनर्जी उत्पादक के तौर विकसित करने की कोशिशों के तहत 1200 स्टेशन लक्ष्य पूरा कर चुकी हैं।

विश्व स्तरीय ट्रेन संचालन के साथ स्टेशनों के विकास की ओर तेजी से कदम बढ़ाए जा रहे हैं। इससे पहले केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वाषर्णेय ने कहा कि पीएम के मार्गदर्शन से राष्ट्र को विकसित बनाने को रेल का विकास किया जा रहा है। सांसद डा.साक्षी महाराज ने उन्नाव का चयन करने के लिए पीएम के प्रति और सदर विधायक पंकज गुप्ता ने पीएम सहित रेल मंत्रालय में उन्नाव को शामिल कराने के लिए सांसद के प्रति आभार जताया। 

इससे पहले नोडल अधिकारी डीएनई-5 पियूष मिश्रा ने सभी का स्वागत किया, जबकि सीटीसी जावेद मसूद ने कार्यक्रम का संचालन किया। निबंध व चित्रकला प्रतियोगिता के सफल प्रतिभागियों को सांसद ने पुरस्कृत किया। नोडल अधिकारी ने सभी अतिथियों को प्लांट पाट भेंट किया। अंत में सांसद ने शिलान्यास पट का अनावरण किया।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष अवधेश कटियार, विधायक आशुतोष शुक्ल, श्रीकांत कटियार, बंबालाल दिवाकर, ब्रजेश रावत, अनिल सिंह, आनंद अवस्थी, अरुण सिंह सहित बड़ी संख्या में नेता, रेल अधिकारी व भाजपा कार्यकर्ता शामिल रहे।

संबंधित समाचार