बरेली: दावा बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने का, पर डॉक्टर ही नहीं

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

जिले में डॉक्टरों के 237 पद हैं स्वीकृत लेकिन तैनात हैं महज 163, सीएचसी-पीएचसी पर भी 47 के सापेक्ष 23

बरेली, अमृत विचार। स्वास्थ्य विभाग मरीजों के बेहतर इलाज मुहैया कराने का दावा करता है लेकिन डॉक्टरों की कमी इसे खोखला साबित कर रही है। जिले में डॉक्टरों के कुल 237 पद स्वीकृत हैं लेकिन तैनाती महज 163 डॉक्टर की है। सीएचसी-पीएचसी में 47 के सापेक्ष 23 डॉक्टर ही तैनात हैं। डॉक्टरों की कमी से मरीजों को इलाज के लिए लंबी भागदौड़ करनी पड़ती है। हालांकि विभाग लंबे समय से डॉक्टरों की तैनाती की मांग कर रहा है लेकिन शासन स्तर से सिर्फ आश्वास ही दिया जा रहा है।

विशेषज्ञों के 97 पद, तैनात सिर्फ 20
सीएमओ के अधीन विशेषज्ञ डॉक्टरों के 97 पद स्वीकृत हैं लेकिन तैनाती 22 की थी, इनमें भी एक डॉक्टर ने स्वैच्छिक सेवानिवृत्ति ले ली है। वहीं एक डॉक्टर की भर्ती को निरस्त कर दिया गया है। ऐसे में केवल 20 विशेषज्ञ ही बचे हैं। ऐसे में दिल, गुर्दा, लिवर जैसी गंभीर बीमारियों के मरीजों का इलाज यहां नहीं हो पा रहा है। वहीं महिला अस्पताल में डॉक्टरों के 25 पद स्वीकृत हैं लेकिन 20 ही विशेषज्ञ तैनात हैं।

सीएचसी पर भी डॉक्टरों की भारी कमी
जिले में 16 सीएचसी हैं, इनके अंतर्गत पीएचसी भी संचालित हो रहे हैं। मानकों के अनुसार एक सीएचसी पर सात डॉक्टर की तैनाती होनी चाहिए। वहीं पीएचसी पर दो लेकिन यहां कई सालों से सीएचसी पर स्वीकृत डॉक्टरों के सापेक्ष तैनाती नहीं है।

सीएचसी का नाम – स्वीकृत पद – तैनात डॉक्टर

आंवला – 10 – 4

मीरगंज – 13 – 12

नवाबगंज – 14 – 10

फरीदपुर – 16 – 13

बहेड़ी – 17 – 15

भमौरा – 13 – 13

क्यारा – 12 – 11

बिथरी चैनपुर – 10 – 8

भोजीपुरा – 10 – 7

फतेहगंज पश्चिमी – 10 – 6

शेरगढ़ – 13 – 7

शीशगढ़ – 12 – 9

रिछा – 10 – 6

क्योलड़िया – 6 – 6

कुआटाडा – 11 – 4

मझगवां – 12 – 8

राम नगर – 4 – 1

जिले में कई सालों से शासन की ओर से डॉक्टरों की नियुक्ति नहीं की गई है। हालांकि मरीजों का इलाज प्रभावित न हो इसके लिए प्रयासरत हैं। शासन के आदेश पर संविदा पर डॉक्टरों की नियुक्तियां की गईं हैं, जिससे काफी हद तक सहूलियत मिल सकेगी - डॉ. बलवीर सिंह, सीएमओ।

ये भी पढ़ें- बरेली: SBI के शाखा प्रबंधक समेत तीन पर धोखाधड़ी की रिपोर्ट

संबंधित समाचार