कम्बोडिया के राजा ने हुन मानेट को नया प्रधानमंत्री किया नियुक्त

Amrit Vichar Network
Published By Amrit Vichar
On

नोम फेन। कंबोडियन राजा नोरोडोम सिहामोनी ने मौजूदा प्रधानमंत्री सैमडेक टेको हुन सेन के पद छोड़ने की घोषणा के बाद सोमवार को हुन मानेट को नया प्रधानमंत्री नियुक्त किया है। हुन सेन के अनुरोध के बाद सम्राट ने 45 वर्षीय हुन मानेट को पांच साल की सरकार के लिए नए प्रधानमंत्री के रूप में नामित करने के शाही फरमान पर हस्ताक्षर किए। सिहामोनी ने शाही फरमान में कहा, “कंबोडिया साम्राज्य के नामित प्रधानमंत्री का कर्तव्य है कि वह सरकार के सदस्यों को नेशनल असेंबली से विश्वास हासिल करने के लिए तैयार करें।” 

उन्होंने कहा, “यह शाही फरमान हस्ताक्षर के दिन से प्रभावी है।”  हुन मानेट को अपने नए मंत्रिमंडल सदस्यों के साथ, आधिकारिक तौर पर नया प्रधानमंत्री बनने के लिए 22 अगस्त को नेशनल असेंबली में विश्वास मत हासिल करना होगा और उसी दिन उनके शपथ लेने की उम्मीद है। यह नियुक्ति हुन सेन की सत्तारूढ़ कंबोडियन पीपुल्स पार्टी (सीपीपी) द्वारा 23 जुलाई के आम चुनाव में नेशनल असेंबली में 125 में से 120 सीटें हासिल करके भारी जीत हासिल करने के बाद हुई। 

हुन मानेट वर्तमान में सीपीपी की स्थायी समिति के सदस्य और रॉयल कंबोडियन सशस्त्र बलों के डिप्टी कमांडर-इन-चीफ हैं। हुन सेन ने 26 जुलाई को घोषणा की थी कि वह 38 वर्षों से अधिक समय तक प्रधानमंत्री पद पर रहने के बाद अपने सबसे बड़े बेटे हुन मानेट को सत्ता की बागडोर सौंपकर पद छोड़ देंगे। हालांकि, 71 वर्षीय नेता ने कहा कि वह सीपीपी के अध्यक्ष बने रहेंगे और अगले साल 25 फरवरी को सीनेट चुनाव में सीनेट के अध्यक्ष का पद संभालेंगे। 

ये भी पढ़ें- मेक्सिको में धार्मिक उत्सव के दौरान आतिशबाजी में हुए विस्फोट से दो लोगों की मौत, 10 घायल

 

 

संबंधित समाचार