एआईएम की धमकी- अफवाहों पर लगाये रोक वरना सर्वेक्षण का करेंगे बहिष्कार

Amrit Vichar Network
Edited By Amrit Vichar
On

वाराणसी। अंजुमन इंतजामिया मस्जिद कमेटी ने रविवार को ज्ञानवापी में जारी भारतीय पुरातत्व विभाग (एएसआई) के वैज्ञानिक सर्वेक्षण का बहिष्कार करने की धमकी देते हुए कहा कि मीडिया में अफवाह फैलाई जा रही है कि मस्जिद परिसर के तहखाने में मूर्ति, त्रिशूल और कलश मिले हैं।

मुस्लिम पक्ष के वकील अखलाक अहमद ने रविवार को कहा कि ज्ञानवापी मस्जिद के रोजमर्रा के मामलों का प्रबंधन करने की जिम्मेदार अंजुमन इंतजामिया मस्जिद (एआईएम) समिति के संयुक्त सचिव सैयद मोहम्मद यासीन ने एक बयान जारी कर कहा है कि मीडिया के एक वर्ग में अफवाहें फैलाई जा रही हैं कि शनिवार को एएसआई सर्वेक्षण के दौरान ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के एक तहखाने के नीचे मूर्ति, त्रिशूल और कलश पाए गए। इन अफवाहों ने मुस्लिम समुदाय में भय का माहौल पैदा कर दिया है और उनकी भावनाओं को ठेस पहुंचाई है।

अहमद के अनुसार एआईएम के संयुक्त सचिव यासीन ने बयान में कहा कि अगर अफवाहों को फैलने से नहीं रोका गया तो मुस्लिम पक्ष एएसआई टीम के साथ सहयोग नहीं करेगा और सर्वेक्षण कार्यवाही का बहिष्कार करेगा। अहमद ने दावा किया, “हमने फैलाई जा रही अफवाहों के बारे में जिला मजिस्ट्रेट को भी फोन पर सूचित किया और यह भी कहा कि मुस्लिम पक्ष एएसआई टीम के साथ सहयोग नहीं करेगा और अफवाहें बंद नहीं होने तक एक बार फिर सर्वेक्षण का बहिष्कार करेगा।”

उन्होंने कहा कि जब एएसआई टीम के किसी भी सदस्य ने कोई बयान जारी नहीं किया तो शनिवार को ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के एक तहखाने के नीचे मूर्ति, त्रिशूल और कलश पाए जाने के बारे में अफवाहें कैसे फैलाई गईं। हिंदू पक्ष के वकील सुधीर त्रिपाठी ने कहा कि सर्वेक्षण में एक डीजीपीएस उपकरण का इस्तेमाल किया जा रहा है। रविवार को मस्जिद के गुंबदों का सर्वेक्षण किया जा रहा था, जिसमें मस्जिद की पश्चिमी तरफ की दीवार भी शामिल थी।

हिंदू पक्ष के वकील मदन मोहन यादव ने कहा कि पिछले साल मस्जिद के कोर्ट कमीशन के सर्वेक्षण में ज्ञानवापी मस्जिद परिसर के अंदर दीवार में उकेरी गई मूर्तियों के साथ त्रिशूल और स्वास्तिक का निशान मिला था। इस बीच भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने रविवार को लगातार तीसरे दिन ज्ञानवापी मस्जिद का वैज्ञानिक सर्वेक्षण किया। तीस से अधिक एएसआई टीम के सदस्यों ने सुबह लगभग आठ बजे ज्ञानवापी मस्जिद परिसर में प्रवेश किया और दोपहर 12:30 बजे तक सर्वेक्षण जारी रखा।

एक ब्रेक के बाद सर्वेक्षण दोपहर दो बजे से शाम पांच बजे तक फिर से शुरू हुआ। एएसआई सर्वेक्षण के दौरान हिंदू पक्ष और मुस्लिम पक्ष दोनों के वकील मौजूद थे। हिंदू पक्ष के वकील सुधीर त्रिपाठी ने कहा, शनिवार और शुक्रवार को ज्ञानवापी मस्जिद के तहखानों की सफाई के दौरान मलबे के भीतर कुछ छोटी कलाकृतियां मिलीं। ज्ञानवापी मस्जिद परिसर की मैपिंग, फ्रेमिंग और स्कैनिंग की जा रही है।

ये भी पढ़ें - लखनऊ : डिलीवरी ब्वॉय से मोबाइल हड़प, उच्चका फरार

संबंधित समाचार