बरेली: केरोसीन की बोतल लेकर थाने के बाहर आत्मदाह करने पहुंची महिला
बरेली/नवाबगंज, अमृत विचार। पति समेत तीन अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला सोमवार दोपहर को दुधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर आत्मदाह करने नवाबगंज थाने पहुंच गई। पता चलते ही पूरे थाने में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी थाने से भागकर आए और महिला को पकड़ लिया। उसके पास थैले से केरोसीन की बोतल …
बरेली/नवाबगंज, अमृत विचार। पति समेत तीन अधिवक्ताओं के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने वाली महिला सोमवार दोपहर को दुधमुंहे बच्चे को गोद में लेकर आत्मदाह करने नवाबगंज थाने पहुंच गई। पता चलते ही पूरे थाने में हड़कंप मच गया। पुलिसकर्मी थाने से भागकर आए और महिला को पकड़ लिया। उसके पास थैले से केरोसीन की बोतल बरामद हुई।
पुलिस ने महिला को थाने में बैठाकर समझाया। आश्वासन दिया कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। इसके बाद उसे छोड़ा। इस मामले में अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर नवाबगंज पुलिस फंस गई है। जिसके बाद अधिवक्ताओं ने वहां हड़ताल कर दी। केन्द्रीय मंत्री संतोष गंगवार भी रविवार को अधिवक्ताओं से मिलने नवाबगंज पहुंचे थे। जिसके बाद पुलिस बैकफुट पर खड़ी नजर आ रही है।
अधिवक्ताओं के खिलाफ मुकदम दर्ज कराने वाली महिला ने एक दिन पूर्व ही थाने के सामने आत्मदाह की धमकी दी थी। वह आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रही है। महिला ने सुबह 11 बजे थाने के सामने आत्मदाह करने की बात कही थी। महिला की धमकी को देखते हुए सुबह से ही पुलिस अलर्ट थी। लेकिन पुलिस को चकमा देते हुए वह अपराह्न 3.30 बजे थाने के सामने चौराहे पर जा पहुंची।
उसकी गोद में बच्चा व हाथ में एक थैला था। वह चिल्ला-चिल्लाकर आत्मदाह करने की धमकी देने लगी। इससे पहले की वह थैले से केरोसीन निकाल पाती थाने से दौड़कर आए पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया। उसके हाथ से थैला छीन लिया गया। महिला को थाने ले जाया गया। इंस्पेक्टर सुरेन्द्र सिंह पचौरी ने उसे समझाया। पुलिसकर्मियों ने उसे जल्द ही आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई करने का आश्वासन देकर शाम को थाने से घर भेज दिया।
वहीं एफआईआर दर्ज किए जाने से नाराज कस्बे के अधिवक्ताओं ने हड़ताल शुरू कर दी है। आरोप-प्रत्यारोप के बीच नवाबगंज पुलिस की टेंशन बढ़ती नजर आ रही है। इस मामले में पुलिस का विरोध बढ़ता जा रहा है। इसको देखते हुए कस्बे में एहतियातन पुलिस व पीएसी तैनात कर दी गई है। बार एसोसिएशन अध्यक्ष के निवास, तहसील परिसर, तहसील चौराहे, बाईपास चौराहे समेत अन्य स्थानों पर दिन भर पुलिस फोर्स तैनात रही। जिससे किसी भी स्थिति से निपटा जा सके।
यह है मामला
पीलीभीत के ग्राम चंदोई की रहने वाली महिला की शादी नवाबगंज क्षेत्र के गांव अधकटा नजराना के नंदकिशोर के साथ हुई थी। आरोप है महिला के साथ पति और सास-ससुर ने मारपीट की। शिकायत पर पुलिस ने महिला के पति को हिरासत में ले लिया था। ससुर मोतीराम अधिवक्ता प्रिया शंकर की सीट पर स्टाम्प बेचने का कार्य करते हैं।
जब उन्हें इसकी जानकारी हुई तो वह साथी अधिवक्ताओं के साथ थाने पहुंच गए थे। अधिवक्ताओं की पुलिस से तीखी नोकझोंक हुई थी। इसके बाद पुलिस ने महिला की ओर से नवाबगंज बार एसोसिएशन के पूर्व सचिव अशर्फी लाल गंगवार, प्रिया शंकर, और राजकुमार के सहित कई लोगों के खिलाफ महिला की ओर से मारपीट, छेड़छाड़ आदि की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। इस बात से अधिवक्ता भड़के हुए हैं और हड़ताल पर चले गए।
भाजपा नेता ने लगाया महिला पर आरोप
भाजपा नेता व वरिष्ठ अधिवक्ता प्रिया शंकर का कहना है कि महिला ने अपने भाई जो कि हाफिजगंज थाने में डायल 112 पर तैनात है को लेकर पुलिस की शह पर ग्राम अधकटा नजराना में घर में घुस कर परिवारीजनों से अभद्र व्यवहार व मारपीट की। शिकायत करने पर पुलिस ने एकतरफा कार्रवाई की जिस पर आपत्ति जताई गई थी। महिला की ओर से दर्ज रिपोर्ट सरासर गलत व तथ्यों के विपरीत है। जिसका विरोध किया जाएगा।
