अयोध्या: बदहाली का शिकार है रुदौली और मिल्कीपुर को जोड़ने वाली सड़क, आवागमन हुआ दूभर
7 किमी लंबी सड़क पर जगह-जगह हैं गड्ढे, स्थानीय लोगों ने कई बार की मरम्मत कराने की मांग
रुदौली, अयोध्या, अमृत विचार। रुदौली तहसील से मिल्कीपुर को जोड़ने वाली 7 किमी लंबी सड़क इन दिनों बदहाली का शिकार हो गई है। सड़क पर जगह-जगह हुए गड्ढे लोगों के लिए परेशानी का सबब बन गए हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि वर्षों से सड़क के पुनर्निर्माण की मांग की जा रही है, लेकिन आज तक कोई सकारात्मक परिमाण सामने नहीं आया।
स्थानीय लोगों के अनुसार रुदौली, अमानीगंज मार्ग से मिल्कीपुर हलियापुर को जोड़ने वाले इस सड़क पर गड्ढे ही गड्ढे हैं। पिछले चार सालों से मार्ग की मरम्मत तक नहीं हुई। बताया गया कि विधायक रामचन्द्र यादव ने मार्ग के पुनर्निर्माण का मुद्दा मुख्यमंत्री व लोक निर्माण मंत्री के समक्ष उठाया था, मार्ग को बनाने की स्वीकृति भी प्रदान की गई है।
सड़क को बनाने में 15 करोड़ 21 लाख रुपए की स्वीकृति लोक निर्माण विभाग की व्यय वित्तीय समिति की ओर से कर दी गई है। सहायक अभियंता अरविंद यादव ने बताया कि निर्माण कार्य का प्रस्ताव पास हो चुका है। इस मार्ग का टेंडर होना है, टेंडर के साथ ही कार्य शुरू हो जाएगा।
यह भी पढ़ें:-सरकार सदन में हर सवाल का जवाब देने को तैयार, सत्र से पहले बोले मुख्यमंत्री योगी
