बरेली और शाहजहांपुर में इलेक्ट्रिक बसें चलाने का रास्ता साफ
बरेली,अमृत विचार। शहरों में इलेक्ट्रिक बसें चलाने का रास्ता साफ हो गया है। अब 14वें व 15वें वित्त आयोग के बजट से डिपो भी बनाए जाएंगे। बरेली में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत भी डिपो बनेगा। अभी तक डिपो निर्माण न होने के कारण बसों की खरीद नहीं की जा रही थी। सोमवार को लखनऊ …
बरेली,अमृत विचार। शहरों में इलेक्ट्रिक बसें चलाने का रास्ता साफ हो गया है। अब 14वें व 15वें वित्त आयोग के बजट से डिपो भी बनाए जाएंगे। बरेली में स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत भी डिपो बनेगा। अभी तक डिपो निर्माण न होने के कारण बसों की खरीद नहीं की जा रही थी। सोमवार को लखनऊ में अफसरों की बैठक में प्रमुख सचिव आवास दीपक कुमार ने डिपो बनाए जाने के लिए शासनादेश जारी कर दिया।
बरेली समेत प्रदेश के 14 शहरों में कुल 700 वातानुकूलित इलेक्ट्रिक बसों को चलाने की योजना है। बसों को चलाने से पहले शर्तों के आधार पर मेंटीनेंस डिपो बनाकर दिए जाने हैं। जिससे वहां पर बसों की सफाई और मरम्मत का काम किया जा सके। बरेली, लखनऊ वाराणसी, मुरादाबाद, कानपुर और झांसी में स्मार्ट सिटी योजना से इलेक्ट्रिक बसों के लिए मेंटीनेंस डिपो बनाए जाएंगे। जबकि अलीगढ़, शाहजहांपुर, मथुरा-वृंदावन, गाजियाबाद और गोरखपुर में 14वें व 15वें वित्त आयोग की धनराशि से डिपो बनाने की कार्ययोजना है।
प्रमुख सचिव नगर विकास ने निर्देश दिए हैं कि मेंटीनेंस डिपो बनाने का काम जल निगम की निर्माण इकाई सीएंडडीएस से कराया जाना है। इसके बाद बसों की खरीदारी की जाएगी। शहर में इलेक्ट्रिक बसों को चलाने के लिए रामपुर रोड स्थित स्वाले नगर में चार्जिंग स्टेशन का कार्य स्मार्ट सिटी प्रोजेक्ट के तहत कराया जाएगा। इसके लिए निविदा की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है।
