Kanpur News: नाम मात्र की बारिश, शहर की सड़कें गड्ढों में तब्दील, पैदल चलना हुआ मुश्किल, जिम्मेदार नहीं ले रहे सुध
कानपुर की सड़कें बदहाल हो चुकी है।
कानपुर में कम बारिश होने के बावजूद शहर भर की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। सड़कों पर गड्ढे होने से लोग हादसों के शिकार हो रहे हैं। कई सड़कों पर तो लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल है।
कानपुर, अमृत विचार। कम बारिश होने के बावजूद शहर भर की सड़कें बदहाल हो चुकी हैं। सड़कों पर गड्ढे होने से लोग हादसों के शिकार हो रहे हैं। कई सड़कों पर तो लोगों का पैदल निकलना भी मुश्किल है। लेकिन नगर निगम और पीडब्ल्यूडी विभाग की आंखें नहीं खुल रही हैं। मलबा तक नहीं डाला जा रहा।
रोड़े ही रोड़े हैं पनकी नहर पुल पर
पनकी नहर से कल्याणपुर की ओर जाने वाले मार्ग पर जगह-जगह रोड़े ही रोड़े पड़े हैं। करीब चार किलोमीटर की इस सड़क पर हर 100 मीटर पर छोटे व बड़े गड्ढे हैं। चार किलोमीटर के इस मार्ग पर लोगों का निकलना किसी जंग जीतने से कम नहीं है। इस सड़क पर 200 से अधिक गड्ढे हैं।
स्वराज नगर से जाना है तो मजबूत कर लें कमर
स्वराज नगर से कालपी रोड की ओर से जाने वाली सड़क की दयनीय स्थिति है। यह सड़क शहर के व्यस्ततम मार्गों में से एक है। प्रतिदिन 70 हजार से अधिक वाहनों का रोजाना आवागमन होता है, लेकिन गड्ढों से भरी यह सड़क चलने योग्य नहीं रह गई है। सड़क की यह स्थिति अनजान राहगीर की जान के लिए आफत बन सकती है।
रतनपुर सड़क तालाब में तब्दील
पनकी रतनपुर से भाटिया होटल की जाने वाली सड़क गड्ढों के कारण तालाब के रूप में तब्दील हो चुकी है। गड्ढोंत में बारिश का पानी भरा हुआ है। आस-पास के निवासियों ने बताया कि इस मार्ग पर पता ही नहीं चलता कि गड्ढे में सड़क बनी है कि सड़क में गड्ढे हैं। हल्की सी बारिश होने पर गड्ढेा लबालब हो जाते है, जिनकी चपेट में आकर लोग आए दिन चुटहिल होते रहते है।
सड़क के साथ हाईवे भी खस्ताहाल
सड़क के साथ ही हाईवे भी खस्ताहाल हो चुके हैं। हाईवे पर लोगों को सुगम यातायात मुहैया कराने के लिए लाखों रूपयों की टैक्स की वसूली राहगीरों से की जाती है, लेकिन टैक्स के अनुरूप उनको सुगम यातायात नहीं मिल पाता है। गुजैनी से भौंती की ओर जाने वाली हाईवे रोड पर बजरी ही बजरी फैली है। जिस कारण वाहन फिसल जाते हैं।
