Kannauj: बैरियर तोड़कर भाग रहा गौ तस्कर, यूपीडा के वाहनों में टक्कर मारने का प्रयास, बाल बाल बचे कर्मी, पुलिस ने पकड़ा
कन्नौज में बैरियर तोड़ भाग रहे गो तस्कर को पुलिस ने पकड़ा।
कन्नौज में बैरियर तोड़ भाग रहे गो तस्कर को कंटेनर समेत पुलिस ने पकड़ लिया। पुलिस ने चालक को एक्सप्रेस वे पर चढ़ने से रोका तो यूपीडा के वाहनों में टक्कर मारने का प्रयास किया। जिससे यूपीडा कर्मी बाल-बाल बच गए।
कन्नौज, अमृत विचार। गो तस्करी कर जाते समय एक्सप्रेस वे का बैरियर तोड़कर भाग रहे कंटेनर समेत चालक-परिचालक को पकड़कर पुलिस के हवाले किया गया। इस दौरान गो तस्करों ने यूपीडा कर्मियों के वाहनों को टक्कर मारने का प्रयास किया। हालांकि कर्मी बाल-बाल बच गए।
एक्सप्रेस वे के किलोमीटर 154 कट से मंगलवार सुबह लगभग चार बजे 34 गोवंशों से भरे बंद कंटेनर ने एक्सप्रेस वे पर चढ़ने का प्रयास किया। तभी मौजूद सुरक्षाकर्मी को शक हुआ। उसने रोकने का प्रयास किया तो चालक बैरियर तोड़कर कंटेनर लेकर लखनऊ की तरफ भागने लगा। तभी यूपीडा सुरक्षा अधिकारी मनोहर सिंह, सहायक सुरक्षा अधिकारी आरपी सिंह कनौजिया, एंबुलेंस चालक अंकुर एवं राहुल सुरक्षाकर्मियों के साथ पीछा करने लगे।
इस दौरान कंटेनर चालक ने कई बार पीछा कर रहे वाहनों को टक्कर मारने का प्रयास किया। इससे कर्मी बाल-बाल बच गए। अपने को घिरा देख कंटेनर चालक तालग्राम किलोमीटर 173 के पास स्थित इमरजेंसी गेट से कंटेनर को मोड़कर आगरा की तरफ भागने लगा। इस पर यूपीडा अधिकारी समेत कर्मी कई वाहनों से पीछा कर रोकने का प्रयास करने लगे और कंट्रोल रूम को भी अवगत कराया। यह सब देख गुजर रहे राहगीरों में अफरातफरी मच गई।
अधिकारियों को निर्देश से इटावा जनपद के एक्सप्रेस वे किलोमीटर 124 पर मौजूद कर्मियों ने बैरियर एवं ट्रकों को लगाते हुए यातायात बंद कर भाग रहे कंटेनर को घेराबंदी कर पकड़ लिया और चालक-परिचालक समेत कंटेनर को ऊसराहार पुलिस के हवाले कर दिया।
सुरक्षा अधिकारी ने बताया कि हिरासत में लिए गए चालक ने बताया कि एक्सप्रेसवे के किलोमीटर 154 कट के पास स्थित एक होटल पर कंटेनर एक दिन खड़ा रहा। तभी व्यापारी के माध्यम से आए अन्य लोगों के साथ कंटेनर को बिशुनगढ़ थाना क्षेत्र के एक गांव में ले जाया गया जहां से गोवंशों को लोड किया गया।
पूछताछ में चालक ने अपना नाम दिलशाद अहमद निवासी पोखराज कौशाम्बी एवं परिचालक ने सैफ अली पता उपरोक्त बताया पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी। यूपीडा अधिकारियों ने एक्सप्रेसवे किनारे मौजूद होटलों पर खड़े होने वाले संदिग्ध वाहनों की इलाकाई पुलिस से चेकिंग करने की मांग की है।
आखिर किसके इशारे पर हो रही गोतस्करी
यहां एक तरफ शासन प्रशासन गोवंश के लिए तरह-तरह की योजनाएं संचालित कर गोशाला में स्थापित करने के लगातार अधिकारियों को निर्देश दे रहा है। दूसरी तरफ गो तस्करी करने वाले प्रशासन को खुली चुनौती देते हुए अपने मंसूबों में सफल हो रहे हैं। यह बात इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है।
